DC vs LSG, Highlights : बॉलीवुड के किसी सस्पेंस फिल्म से कम नहीं था IPL 2025 में खेला गया चौथा मुकाबला। बीती रात दिल्ली दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबले में ऐसा कारनामा हुआ जो किसी ने सोचा भी नहीं होगा। मुकाबले के दौरान एक वक्त ऐसा लग रहा था कि यह मैच दिल्ली जीतेगी। क्योंकि 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की आधी टीम 65 रनों पर पवेलियन लौट चुकी थी। लेकिन फिर शुरू होता बाजीगर का खेल। क्योंकि हार के जीतने वाले को ही बाजीगर कहते हैं और दिल्ली की तरफ से ये बाजीगर बने आशुतोष शर्मा। मध्य प्रदेश के आशुतोष शर्मा ने हारी हुई बाजी को जीत में बदल दिया और रातोंरात सुपर स्टार बन गए।
विशाखापत्तनम में खेले गए इस पैसा वसूल मैच में दिल्ली कैपिटल्स, आशुतोष शर्मा की ताबड़तोड़ पारी के दम पर 210 रनों का बड़ा टारगेट हासिल करने में सफल रही। दिल्ली ने महज 1 विकेट से लखनऊ सुपर जायंट्स को मात दी। दिल्ली की टीम ने 200 से अधिक रनों का टारगेट 9 विकेट खोकर हासिल किया। इस यादगार और रोमांचक जीत के दम पर दिल्ली कैपिटल्स IPL 2025 का शानदार जीत से आगाज करने में सफल रही।
मैच में आशुतोष शर्मा ने अंतिम ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का मारकर दिल्ली को जीत दिलाई। दिल्ली की ओर से सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए आशुतोष शर्मा ने तूफानी बैटिंग करते हुए 31 गेदों में 66 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 शानदार चौके और 5 जबरदस्त छक्के शामिल थे। इस दौरान आशुतोष शर्मा का स्ट्राइक रेट 212 का था। दिल्ली के लिए आशुतोष शर्मा के साथ एक और बल्लेबाज विपराज निगम ने कमाल किया। दोनों बल्लेबाजों ने अपने तूफानी बैटिंग से पूरा मैच ही पलट दिया। मैच के बाद इन दोनों बल्लेबाजों की काफी चर्चा है, आइए जानते हैं इन युवा खिलाड़ियों की कहानी।
सबसे पहले बात करते हैं मैच के हीरो आशुतोष शर्मा की। 26 साल के आशुतोष शर्मा मध्य प्रदेश के क्रिकेटर हैं। उन्होंने क्रिकेट खेलना इंदौर शहर में सीखा। पिछला सीजन उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से खेला था। वहीं पिछले हुए मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने आशुतोष शर्मा को खरीदा। आपको बता दें कि पिछले सीजन में आशुतोष को पंजाब ने उनके बेस प्राइज यानी 20 लाख में ही खरीदा था। लेकिन पिछले सीजन में उनकी की गई मेहनत ने रंग लाई और इस साल दिल्ली ने उन्हें 3.80 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा।
आशुतोष शर्मा शुरू से ही अपने धाकड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी-20 टूर्नामेंट में आशुतोष शर्मा ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 11 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया था। इसके बाद आशुतोष सबकी नजरों में आ गए थे। क्योंकि टी-20 फॉर्मेट में युवराज सिंह 12 गेंदों में पचासा जड़ा था पर आशुतोष ने तो ये कारनामा 11 गेंदों में ही कर दिया।
वहीं कल खेले गए मुकाबले के बाद अशुतोष ने कहा कि, 'मैं उस समय बहुत सामान्य था और खुद से कहा कि अगर वह एक रन लेता है, तो मैं इसे छक्के से खत्म कर दूंगा। मुझे अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा था। मुझे वहां बहुत मजा आया और मेरी मेहनत रंग लाई। मैंने पिछले सीजन से अच्छी बातें सीखीं और उन्हें इस साल बेहतर तरीके से लागू किया।'
अब जानते हैं विपराज निगम की कहानी
दिल्ली की जीत के बाद अशुतोष शर्मा के बाद जिस खिलाड़ी सबसे ज्यादा चर्चा रही वो हैं अनकैप्ड प्लेयर विपराज शर्मा। पहले आईपीएल मुकाबले में ही विपराज ने सबको अपना दीवाना बना लिया। उत्तर प्रदेश के रहने वाले 20 साल के विपराज को मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख में अपने साथ जोड़ा था। विपराज दाहिने हाथ से बल्लेबाजी के साथ-साथ लेगब्रेक गेंदबाजी भी करते हैं। विपराज ने यूपीटी 20 लीग में खूब सुर्खियां बटोरी थीं। यूपीटी 20 लीग में लखनऊ फाल्कन्स के साथ खेलते हुए उन्होंने 12 मैचों में 7.45 की इकॉनमी से 20 विकेट लिए थे।