इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत में अभी काफी समय बाकी है। आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ये काफी चर्चा में हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स अभी तक अपने होम वेन्यू को तय नहीं किया हैं। वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और राजस्थान रॉयल्स (RR) को आईपीएल 2026 सीजन के लिए अपने होम वेन्यू तय करने के लिए 27 जनवरी तक की डेडलाइन दे दी है। बीसीसीआई ने साफ किया कि दोनों टीमों को इस तय समयसीमा के भीतर अपने घरेलू मैदान की जानकारी देनी होगी। इन्हीं दो टीमों की होम वेन्यू अभी तक फाइनल नहीं हुआ है।
होम ग्राउंड पर जल्द करें फैसला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, "दोनों टीमों को ये निर्देश हाल ही में हुई आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में दिया गया था। बताया जा रहा है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स दोनों ही अपनी पारंपरिक होम ग्राउंड पर मैच कराने को लेकर असमंजस में हैं, इसी वजह से बीसीसीआई ने यह समयसीमा तय की है।"
चिन्नास्वामी में ही खेलना चाहती है आरसीबी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने होम मैच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेलना चाहती है। लेकिन कर्नाटक सरकार की नई शर्तों से उसकी चिंता बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक, फ्रेंचाइजी से अब सिर्फ स्टेडियम के अंदर ही नहीं, बल्कि बाहर के इलाकों और पास की सड़कों की जिम्मेदारी भी लेने को कहा जा रहा है। इसके अलावा डीजे के इस्तेमाल पर रोक और पास में फायर ब्रिगेड यूनिट की तैनाती जैसी अतिरिक्त शर्तें भी लगाई गई हैं। आरसीबी का मानना है कि इन मांगों से सिविक और प्रशासनिक जिम्मेदारियां फ्रेंचाइजी पर आ जाती हैं, जो उनके दायरे से बाहर हैं। उम्मीद की जा रही है कि आरसीबी आईपीएल अधिकारियों को अपना अंतिम फैसला बताने से पहले राज्य सरकार और KSCA के साथ और बातचीत करेगी।
फिलहाल फ्रेंचाइजी बैकअप के तौर पर रायपुर, पुणे और नवी मुंबई जैसे विकल्पों पर भी विचार कर रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर वहां अपने होम मैच खेले जा सकें।
पिछले साल जून में आरसीबी की पहली आईपीएल खिताबी जीत के जश्न के दौरान भगदड़ की घटना हो गई थी। उस सेलिब्रेशन इवेंट में भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। इसके बाद से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई मैच नहीं खेला गया। जस्टिस जॉन माइकल डी’कुन्हा की अगुआई में बनी एक स्वतंत्र समिति ने सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरे बताते हुए इस स्टेडियम को बड़ी भीड़ के लिए अनफिट करार दिया था। हालांकि, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) द्वारा विस्तृत सेफ्टी प्लान सौंपे जाने के बाद राज्य सरकार ने क्रिकेट मैचों के लिए स्टेडियम को मंजूरी दे दी है, लेकिन सुरक्षा को लेकर चिंताएं अब भी बनी हुई हैं।
राजस्थान का भी होम वेन्यू फाइनल नहीं
राजस्थान रॉयल्स को भी एक अलग तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में लंबे समय से चुनाव न होने के कारण प्रशासनिक गतिरोध बना हुआ है, जिससे जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आईपीएल मैच कराने को लेकर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं। यह समस्या कई सालों से चली आ रही है और अब जयपुर का आईपीएल वेन्यू के तौर पर दर्जा खतरे में पड़ता दिख रहा है। इसी वजह से राजस्थान रॉयल्स ने बैकअप ऑप्शन के तौर पर पुणे के एमसीए स्टेडियम और गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम पर भी विचार करना शुरू कर दिया है।