श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में इतिहास रच दिया। टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को अरुण जेटली स्टेडियम में 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 265 रनों के बड़े टारगेट का पीछा करते हुए पंजाब ने आईपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज पूरा किया। टीम ने यह मैच 7 गेंदें रहते ही जीत लिया। इस जीत की नींव दमदार ओपनिंग साझेदारी ने रखी। प्रभसिमरन सिंह ने सिर्फ 26 गेंदों में 76 रन ठोक दिए, जबकि प्रियांश आर्य ने 17 गेंदों में 43 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई। दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी से टीम शुरू से ही लक्ष्य के साथ बनी रही।
इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभाली और 36 गेंदों में नाबाद 71 रन बनाकर मैच को अंत तक ले गए। उनकी शानदार पारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने एक यादगार जीत हासिल की।इस ऐतिहासिक जीत के बाद मैदान पर जश्न का माहौल बन गया। प्रीति जिंटा भी टीम के साथ खुशी मनाने मैदान में उतर आईं। जीत से बेहद खुश प्रीति जिंटा ने खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रियांश आर्य के साथ एक मजेदार पल शेयर किया। बातचीत के दौरान उन्होंने मजाक में आर्य के पेट पर हल्का सा मुक्का मारा। इस पर आर्य थोड़ा चौंक गए, लेकिन उनके चेहरे पर मुस्कान भी थी।
रवि शास्त्री का रिएक्शन वायरल
यह मजेदार पल तुरंत सबका ध्यान खींचने लगा। कमेंट्री करते हुए रवि शास्त्री ने भी मजाक में कहा, “अरे, यह तो बढ़िया पंच था।” प्रीति जिंटा का उत्साह साफ दिख रहा था, क्योंकि पंजाब किंग्स ने टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे शानदार रन चेज में से एक पूरा किया। स्टैंड से टीम का हौसला बढ़ाने के बाद वह मैदान पर आईं और खिलाड़ियों व सपोर्ट स्टाफ के साथ जश्न मनाया। इसी दौरान उन्होंने प्रियांश आर्य को गले लगाया, जिसके बाद वह मजेदार पल देखने को मिला जो अब वायरल हो चुका है।
यह रिकॉर्डतोड़ जीत अपनी शानदार बल्लेबाजी के लिए जरूर याद रखी जाएगी, लेकिन मैच के बाद का यह हल्का-फुल्का पल भी लोगों को खूब पसंद आया। इसने उस यादगार जीत को और खास बना दिया।