टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद अब क्रिकेट फैंस को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन इंतजार है। साल 2026 में होने वाला यह टूर्नामेंट IPL का 19वां सीजन होगा। टूर्नामेंट के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। इस बार लीग पहले से भी बड़ी होने जा रही है, क्योंकि इसमें पिछले सीजन के 74 मैचों की जगह कुल 84 मुकाबले खेले जाएंगे। क्रिकेट प्रेमी बेसब्री से इसके शेड्यूल का इंतजार कर रहे हैं। वहीं बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने शेड्यूल को लेकर बड़ा अपडेट दिया था।
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट के शुरुआती 20 दिनों का कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फैंस को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और आने वाले दिनों में पहले चरण के मैचों की तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा। आइए जानते हैं कब आएगा आईपीएल का शेड्यूल
ANI से बातचीत में बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “हम कुछ राज्यों में होने वाले चुनावों की तारीखों को ध्यान में रखते हुए अगले 2–3 दिनों में IPL के पहले 20 दिनों के शेड्यूल का ऐलान करेंगे। इसके बाद टूर्नामेंट के बाकी मैचों का कार्यक्रम जारी किया जाएगा।” इस वजह से टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल दो चरणों में जारी किया जाएगा। असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में होने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए आगे के मैचों की तारीखें बाद में बताई जाएंगी।
आईपीएल 2026 के शेड्यूल का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अच्छी खबर है। टूर्नामेंट का कार्यक्रम बुधवार, 11 मार्च को घोषित किया जाएगा। बीसीसीआई शाम 7 बजे इस शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान करेगा। इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे।