IPL 2026 पर पड़ सकता है LPG संकट का असर...आगे बढ़ेगा शेड्यूल? चेयरमैन अरुण धूमल ने दिया बड़ा अपडेट

IPL 2026 : आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा कि बोर्ड इस स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। उन्होंने कहा, “हम हालात की समीक्षा कर रहे हैं। यह तेजी से बदलती स्थिति है, इसलिए अभी कुछ भी साफ तौर पर कहना मुश्किल है। जरूरत के अनुसार ही आगे का फैसला लिया जाएगा

अपडेटेड Mar 10, 2026 पर 8:38 PM
Story continues below Advertisement
अमेरिका-इजरायल जंग का असर अब भारत में पेट्रोलियम और एलपीजी सप्लाई पर भी दिखने लगा है।

अमेरिका और इजरायल की ईरान के साथ चल रहे युद्ध के असर से भारत भी अछूता नहीं रहा है। वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में पेट्रोलियम और एलपीजी सप्लाई पर भी दिखने लगा है। माना जा रहा है कि इस स्थिति का असर IPL 2026 के आयोजन पर भी पड़ सकता है, जिसकी शुरुआत 28 मार्च से बेंगलुरु में होने वाली है। हांलाकि देश में एलपीजी गैस की संभावित कमी को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल ऐसी कोई स्थिति नहीं है।

भारत पर कितना असर?

चेन्नई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में होटल मालिकों के संघ ने बताया है कि उनके पास मौजूद एलपीजी का स्टॉक सिर्फ एक या दो दिन ही चल पाएगा। इस वजह से कई होटलों ने गैस की बचत के लिए अपने मेन्यू में कुछ चीजें कम करनी शुरू कर दी हैं। सोमवार को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि मौजूदा स्थिति में एलपीजी की सप्लाई पहले घरेलू और जरूरी नॉन-डोमेस्टिक सेक्टर को दी जा रही है। इस बीच आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने द न्यू इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि लीग इस पूरे हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।


IPL चैयरमैन ने दी ये जानकारी

आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा कि बोर्ड इस स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। उन्होंने कहा, “हम हालात की समीक्षा कर रहे हैं। यह तेजी से बदलती स्थिति है, इसलिए अभी कुछ भी साफ तौर पर कहना मुश्किल है। जरूरत के अनुसार ही आगे का फैसला लिया जाएगा।” हालांकि टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल अभी घोषित नहीं किया गया है। बोर्ड कोशिश कर रहा है कि आईपीएल के मैच राज्यों के चुनावों की तारीखों से न टकराएं, क्योंकि लीग की शुरुआत 28 मार्च से होनी है। लेकिन अगर मौजूदा हालात ऐसे ही बने रहे, तो BCCI और IPL प्रबंधन को बड़ा फैसला लेना पड़ सकता है। इसका असर सिर्फ लीग पर ही नहीं, बल्कि उद्योग, अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों जैसे कई दूसरे क्षेत्रों पर भी पड़ सकता है। एलपीजी की कमी के अलावा लॉजिस्टिक्स भी एक बड़ी चुनौती बन सकती है, जैसा कि हाल ही में भारत के T20 वर्ल्ड कप जीतने के दौरान देखने को मिला था।

शुरू हुईं IPL की तैयारियां

वेस्ट एशिया में चल रहे तनाव का असर क्रिकेट टीमों के सफर पर भी पड़ा है। इसी वजह से जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमों अभी तक भारत में हैं। इस टकराव के कारण उनके देशों के लिए जाने वाले फ्लाइट रूट प्रभावित हुए हैं। इधर आईपीएल की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। कई फ्रेंचाइजी अलग-अलग शहरों में अपने ट्रेनिंग कैंप लगा रही हैं। चेन्नई सुपर किंग्स का कैंप पिछले कई दिनों से चल रहा है, जहां करीब 10 खिलाड़ी हाई-परफॉर्मेंस सेंटर में रोजाना अभ्यास कर रहे हैं। वहीं पंजाब किंग्स ने भी धर्मशाला में अपना कैंप शुरू कर दिया है, जिसमें पिछले कुछ दिनों से लगभग 10 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।