Hardik Pandya: मुंबई इंडियंस (MI) के सह-मालिक आकाश अंबानी ने फ्रेंचाइजी से विदा हो रहे स्टार भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस और हार्दिक ने साथ में कुछ बेहद खास पल साझा किए हैं। टीम की सफलता में हार्दिक का योगदान, उनकी ऊर्जा और मैदान पर उनका प्रतिस्पर्धी रवैया काफी अहम रहा है। इसके साथ ही आकाश अंबानी ने पंजाब किंग्स से मुंबई इंडियंस में शामिल हुए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का स्वागत किया और कहा कि उनके आने से टीम की गेंदबाजी को एक नया आयाम मिलेगा।
एक बयान में आकाश अंबानी ने कहा, "हार्दिक ने मुंबई इंडियंस के साथ कुछ बेहद खास पल शेयर किए हैं। हमने उन्हें एक क्रिकेटर के रूप में आगे बढ़ते, विश्व मंच पर अपनी पहचान बनाते और फिर टीम की कप्तानी करने के लिए वापस लौटते देखा है। मुंबई इंडियंस के लिए उनका योगदान, उनकी ऊर्जा और मैदान पर उनका प्रतिस्पर्धी रवैया बेहद महत्वपूर्ण रहा है। एक क्रिकेटर और एक इंसान के तौर पर मेरे मन में उनके लिए बहुत सम्मान है। मैं उनके आने वाले भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।"
भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल अर्शदीप सिंह का स्वागत करते हुए आकाश अंबानी ने कहा कि उनके आने से मुंबई की गेंदबाजी में एक नया आयाम जुड़ेगा। उन्होंने कहा, "अर्शदीप के आने से हमारी गेंदबाजी को एक रोमांचक नया आयाम मिलेगा। हम हमेशा अनुभव, कौशल और जीत के लिए जुनून रखने वाले खिलाड़ियों के सही संतुलन के साथ टीम बनाने की कोशिश करते हैं। अर्शदीप में ये सभी खूबियां हैं। हम मुंबई इंडियंस परिवार में उनका स्वागत करते हैं। अब वह नीली और सुनहरी जर्सी में मैदान पर उतरेंगे।"
हार्दिक का मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा सफर खत्म
हार्दिक पांड्या के ट्रेड के साथ ही मुंबई इंडियंस के साथ उनका दूसरा कार्यकाल समाप्त हो गया है। IPL की बहु प्रतीक्षित अदला बदली (ट्रेडिंग) में ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या 18 करोड़ रुपये की बढ़ी हुई कीमत पर पंजाब किंग्स से जुड़ गए हैं। जबकि मुंबई इंडियंस ने उनकी जगह तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अपनी टीम में लिया है। आईपीएल ने बयान में कहा की हार्दिक अपनी मौजूदा फीस 16.35 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि में मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स चले गए हैं। जबकि अर्शदीप 18 करोड़ रुपये की मौजूदा कीमत पर मुंबई से जुड़ गए हैं।
इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने इस साल राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बदले में राजस्थान रॉयल्स ने सीएसके से रविंद्र जडेजा को 14 करोड़ और सैम कुरेन को 2.4 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। ट्रांसफर फीस दोनों फ्रेंचाइजी के बीच आपसी समझौता है और यह टीम में बनाए रखने की फीस (रिटेंशन फीस यानि फ्रेंचाइजी का खिलाड़ी को भुगतान किया जाने वाला वेतन) से अलग है।
दोनों टीमों ने आपसी सहमति से तय किया कि हार्दिक की फीस में 1.65 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी होगी। मौजूदा नियमों के अनुसार उन्हें इस बढ़ोतरी का 50 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। बाकी रकम मुंबई इंडियंस को मिलेगी। हार्दिक का इस तरह से मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया है। वह पहली बार 2015 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। तब उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के साथ चार खिताब जीते थे। इस 33 वर्षीय खिलाड़ी ने टीम को 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
मुंबई की टीम के साथ सात सत्र बिताने के बाद हार्दिक 2022 में 15 करोड़ रुपये की फीस पर गुजरात टाइटन्स में शामिल हो गए। उन्होंने फ्रेंचाइजी को अपने पहले ही सत्र में खिताब दिलाया। गुजरात की टीम 2023 में फाइनल तक भी पहुंची थी। हार्दिक ने 2024 में मुंबई इंडियंस में वापसी की थी और रोहित शर्मा की जगह कप्तानी संभाली थी। लेकिन इस बीच उनकी टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। चोटों से परेशान रहे हार्दिक हालांकि परिस्थितियों से परेशान रहे।
मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालने के बाद उन्हें लगातार दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा। दूसरे सत्र में स्थिति थोड़ी बेहतर रही लेकिन तीसरे सत्र में हालात बिगड़ते चले गए। इस बीच ड्रेसिंग रूम में मतभेद की खबरें भी सामने आई और यह स्पष्ट हो गया कि सीनियर खिलाड़ियों के बीच सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। इन खिलाड़ियों ने भारत की टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी शामिल थे, जिन्हें कप्तानी के लिए नजरअंदाज कर दिया गया था।
रोहित को अचानक टीम से बाहर किए जाने का मुद्दा भी विवाद का विषय बना रहा और अब कयास लगाए जा रहे हैं के फ्रेंचाइजी की तरफ से उनके संभवत: आखिरी सत्र में उन्हें फिर से कप्तानी सौंपी जा सकती है। तिलक वर्मा को उप कप्तान बनाए जाने की संभावना है। मुंबई की टीम पिछले सत्र में 14 मैच में केवल चार में ही जीत हासिल कर पाई थी। चोटिल होने के कारण हार्दिक अंतिम चरण के मैचों में नहीं खेल पाए थे।
इन तमाम घटनाओं के बावजूद हार्दिक ने आईपीएल में खुद को मैच विजेता साबित किया है। उन्होंने आईपीएल में अभी तक 162 मैचों में 146.28 के स्ट्राइक रेट से 2,955 रन बनाए हैं और 82 विकेट लिए हैं। अर्शदीप आठ सत्र तक पंजाब की टीम से खेलने के बाद अब मुंबई की टीम में शामिल हो रहे हैं। इस तेज गेंदबाज ने 2019 में पंजाब की टीम से आईपीएल में डेब्यू किया था। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में अपनी छाप छोड़ी थी। उन्होंने आईपीएल के 96 मैच में 111 विकेट लिए हैं जो पंजाब किंग्स की तरफ से रिकॉर्ड है। उन्होंने 2025 के सत्र में 21 और 2026 में 14 विकेट लिए। यह 27 वर्षीय खिलाड़ी टी20 प्रारूप में भारत का सबसे अधिक विकेट लेने वाला गेंदबाज भी है। उन्होंने 104 मैचों में 151 विकेट लिए हैं।