IPL 2026 Auction: आईपीएल 2026 का ऑक्शन इस समय अबू धाबी के एतिहाद एरिना में आयोजित किया गया है। इस ऑक्शन में कुल 369 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं, 253 भारतीय और 116 विदेशी खिलाड़ी हैं। IPL मिनी ऑक्शन के पहले हिस्से में कैमरून ग्रीन, मथीशा पथिराना, रवि बिश्नोई और वेंकटेश अय्यर पर टीमों की खास नजर रही। वहीं दूसरे हिस्से में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी, यूपी के ऑलराउंडर प्रशांत वीर और राजस्थान के बल्लेबाज कार्तिक शर्मा सबसे ज्यादा चर्चा में रहे।
IPL 2026 ऑक्शन में सबसे पहले बिकने वाले खिलाड़ी साउथ अफ्रीका के दमदार बल्लेबाज डेविड मिलर रहे। मिलर को दिल्ली ने 2 करोड़ में खरीदा है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर खरीदा, जिससे वह आईपीएल ऑक्शन के इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए। ऑक्शन में जेक फ्रेजर-मैकगर्क, डेवोन कॉनवे, सरफराज खान और पृथ्वी शॉ इस दौर में अनसोल्ड रहे। खासतौर पर शॉ और सरफराज का न बिकना चौंकाने वाला रहा, हालांकि आगे किसी टीम के उन्हें खरीदने की उम्मीद बनी हुई है।
कैप्ड ऑलराउंडर्स के सेट में वेंकटेश अय्यर पर भी अच्छी बोली देखने को मिली। पिछले सीजन में 23.75 करोड़ में बिके वेंकटेश को इस बार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 7 करोड़ रुपये में खरीदा, जो उनकी पिछली कीमत से काफी कम है। वहीं गेंदबाज मथीशा पथिराना को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18 करोड़ रुपये में अपने नाम कर लिया। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 7.2 करोड़ रुपये में खरीदा। KKR ने न्यूजीलैंड के फिन एलन को उनके 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर खरीद लिया। बेन डकेट को दिल्ली कैपिटल्स ने अपने साथ जोड़ा, जबकि साउथ अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक 1 करोड़ रुपये में मुंबई इंडियंस में लौट आए।
अनकैप्ड खिलाड़ियों में जम्मू-कश्मीर के आकिब डार को 8.40 करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा। चेन्नई सुपर किंग्स ने प्रशांत वीर को 14.20 करोड़ रुपये में लिया और बाद में अनकैप्ड विकेटकीपर कार्तिक शर्मा को भी उतनी ही बड़ी रकम में खरीदा। तेजस्वी सिंह को कोलकाता नाइट राइडर्स ने ₹3 करोड़ में खरीदा।