इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है। टूर्नामेंट शुरू होने से तीन दिन पहले मुंबई में टीमों के कप्तानों की एक अहम बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में आईपीएल के कई कप्तानों ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर अपनी नाराज़गी जाहिर की है। इम्पैक्ट प्लेयर का नियम 2023 में लागू हुआ था और तभी से इस पर अलग-अलग राय बनी हुई है। 2024 में बीसीसीआई ने इसे 2027 तक जारी रखने का फैसला किया, लेकिन इसके बावजूद खिलाड़ी और फैंस इस पर लगातार बहस कर रहे हैं। मुंबई में हुई आईपीएल कप्तानों की बैठक में सभी 10 टीमों के कप्तानों ने इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा भी की।
इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर हुई चर्चा
एक आईपीएल सूत्र ने पीटीआई से कहा, “ज्यादातर कप्तानों ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर अपनी राय दी और आपत्ति भी जताई, हालांकि बीसीसीआई इसे 2027 तक जारी रख चुका है। उन्हें साफ बता दिया गया है कि इस नियम की समीक्षा अब 2027 सीजन के बाद ही होगी, उससे पहले नहीं।”
गेंद बदलने को लेकर क्या कहा
आईपीएल में गेंद को लेकर भी नई चर्चा सामने आई है। पिछले सीजन में बीसीसीआई ने ओस के असर को कम करने के लिए दूसरी पारी के 10 ओवर बाद गेंद बदलने की अनुमति दी थी। अब एक कप्तान ने सुझाव दिया है कि इसी तरह पहली पारी में भी 10 ओवर पूरे होने के बाद गेंद बदलने की इजाजत मिलनी चाहिए, ताकि दोनों टीमों के लिए खेल ज्यादा बैलेंस हो सके।
सूत्र ने कहा, “पहली पारी के 10 ओवर के बाद गेंद बदलने का सुझाव दिया गया था, लेकिन इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। आमतौर पर दूसरी पारी में ओस ज्यादा होती है, इसलिए वहां मौजूदा नियम पहले से लागू है।”
सभी भारतीय कर रहे टीम की कप्तानी
आईपीएल 2026 में इस बार सभी टीमों की कप्तानी भारतीय खिलाड़ियों के हाथ में है। सनराइजर्स हैदराबाद में नियमित कप्तान पैट कमिंस की जगह ईशान किशन टीम की कमान संभाल रहे हैं। साथ ही उन्होंने आईपीएल अधिकारियों से 2026 सीजन के लिए तय की गई नई ट्रेनिंग गाइडलाइंस के बारे में भी जानकारी ली।