भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी से हो रही है। वहीं टेस्ट और टी20 से संन्यास लेने के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा वनडे मैच में खेलते हुए नजर आएंगे। भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा की पॉपुलैरिटी का सही इस्तेमाल होना चाहिए, क्योंकि इन दोनों के सिर्फ वनडे खेलने से इस फॉर्मेट में दर्शकों की दिलचस्पी दोबारा बढ़ी है। इरफान ने कहा कि अब समय आ गया है कि वर्ल्ड कप के अलावा भी ज्यादा पांच मैचों की वनडे सीरीज और अलग-अलग देशों के बीच बड़े टूर्नामेंट कराए जाएं, ताकि वनडे क्रिकेट को नई जान मिल सके।
जब विराट कोहली और रोहित शर्मा घरेलू क्रिकेट में लौटे, तो दर्शकों में खूब उत्साह दिखा। कर्नाटक में कोहली के विजय हजारे ट्रॉफी मैच भले ही आम दर्शकों के लिए खुले नहीं थे। वहीं जयपुर में रोहित के मैचों के दौरान हजारों फैंस स्टेडियम पहुंचे, जिससे साफ हुआ कि उनकी मौजूदगी घरेलू मैचों को भी खास बना देती है।
इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, "इसलिए मैं बार-बार एक बात कह रहा हूं। तीन मैचों की जगह पांच वनडे सीरीज क्यों नहीं हो सकती और ट्रायंगुलर या क्वाड्रैंगुलर सीरीज क्यों नहीं कराई जा सकती। हम ऐसा क्यों नहीं कर सकते, क्योंकि ये दोनों महान खिलाड़ी सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलते हैं? यह कहना गलत नहीं होगा कि अगर ODI क्रिकेट में बहुत ज्यादा दिलचस्पी लौटी है, तो ये दोनों ही इसे लाए हैं।" पठान ने आगे कहा कि सबसे अहम बात ये है कि दोनों खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे हैं।
पठान ने आगे कहा, "आप जरूर इसके बारे में सोचना चाहेंगे, लेकिन मैं ये भी सोच रहा हूं कि जितना ज्यादा हम उन्हें देखेंगे, इन दोनों खिलाड़ियों को उतना ही खेलते रहना चाहिए। इंडिया को रिप्रेजेंट करते रहना चाहिए और जब वे इंडिया के लिए नहीं खेल रहे हों, तो उन्हें डोमेस्टिक क्रिकेट खेलते रहना चाहिए क्योंकि वे जितना ज्यादा खेलेंगे, ये उतना ही बेहतर होगा।"
हाल ही में आंध्र प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने बताया कि विशाखापत्तनम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरे वनडे के टिकट शुरुआत में ज्यादा नहीं बिके थे। लेकिन रांची में पहले मैच में विराट कोहली के शतक के बाद अचानक टिकटों की मांग बढ़ गई और कीमतें भी बढ़ीं। भले ही वनडे सीरीज पहले जितनी लोकप्रिय न रही हो, लेकिन जब भारत के बड़े खिलाड़ी खेलते हैं तो स्टेडियम भर जाते हैं और उनका शानदार प्रदर्शन दर्शकों का उत्साह बनाए रखता है।