MS Dhoni: 'मेरे हिसाब से धोनी को संन्यास ले लेना...' धोनी को लेकर आकाश चोपड़ा ने कही ये बात

आईपीएल के इस सीजन में ये साफ होगा कि संजू सैमसन विकेटकीपिंग करेंगे या नहीं। संजू का विकेटकीपिंग करना काफी हद तक महेंद्र सिंह धोनी की फिटनेस पर निर्भर करेगा। साथ ही ये भी चर्चा है कि धोनी को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है

अपडेटेड Mar 24, 2026 पर 6:30 PM
महेंद्र सिंह धोनी पिछले कुछ समय से घुटने की परेशानी से जूझ रहे हैं,

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स से होगा। आईपीएल से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के 44 साल के महेंद्र सिंह धोनी की काफी चर्चा हो रही है। पिछले कुछ सालों से धोनी के रिटायरमेंट के कयास लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ये भी कहां जा रहा है चेन्नई सुपर किंग्स ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए पिछले साल रुतुराज गायकवाड़ को कप्तानी दी है और पिछले सीजन में संजू सैमसन को टीम में शामिल किया।

आने वाले आईपीएल के सीजन में ये साफ होगा कि संजू सैमसन विकेटकीपिंग करेंगे या नहीं। संजू का विकेटकीपिंग करना काफी हद तक महेंद्र सिंह धोनी की फिटनेस पर निर्भर करेगा। साथ ही ये भी चर्चा है कि धोनी को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। आकाश चोपड़ा का मानना है कि सीमित भूमिका मिलने पर धोनी को रिटायरमेंट पर विचार करना चाहिए।

आकाश चोपड़ा ने क्या कहा


आकाश चोपड़ा ने जियोहॉटस्टार पर महेंद्र सिंह धोनी की लीडरशिप की तारीफ करते हुए कहा, “आप डगआउट से टीम नहीं चला सकते, ये फुटबॉल नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “क्रिकेट में मैदान पर मौजूद रहना बहुत जरूरी होता है और एमएस धोनी की सबसे बड़ी ताकत ये है कि वह खेल को दूसरों से बेहतर समझते हैं। उनकी साफ सोच और मजबूत फैसला लेने की क्षमता ही उन्हें खास बनाती है।”

धोनी का आखिरी सीजन हो सकता है

उन्होंने आगे कहा, “किसी भी स्थिति में, मुझे लगता है कि यह उनका आखिरी सीजन हो सकता है। अब टीम को उनका असली उत्तराधिकारी मिल चुका है। संजू सैमसन इस सीजन में कभी भी विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। हालांकि, यह पूरी तरह धोनी की फिटनेस और उनके घुटने की स्थिति पर निर्भर करेगा। लेकिन वे इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में फिट नहीं बैठते। अगर उन्हें उस रोल में खेलना पड़ता है, तो मेरे हिसाब से उनके लिए संन्यास लेने का समय आ गया है।”

महेंद्र सिंह धोनी पिछले कुछ समय से घुटने की परेशानी से जूझ रहे हैं, जिसका असर उनकी मूवमेंट पर साफ दिख रहा है। यही वजह है कि वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बल्लेबाजी क्रम में नीचे उतर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।