Rahul Dravid: ब्रेंडन मैकुलम के बाद राहुल द्रविड़ बनेंगे इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच? आया ये बड़ा अपडेट

Rahul Dravid: इंग्लैंड की टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से ब्रेंडन मैकुलम के हटने के बाद ECB नए कोच की तलाश में जुट गया है। इस पद के लिए राहुल द्रविड़ का नाम भी चर्चा में है। वहीं उनकी नियुक्ति को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है

अपडेटेड Jul 13, 2026 पर 3:09 PM
हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में इंग्लैंड को अपने घर में 2-1 से हार मिली थी

इंग्लैंड क्रिकेट टीम में कोचिंग में बड़ा बदलाव हुआ है। इंग्लैंड की टेस्ट टीम के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) नए कोच की तलाश कर रही है। वहीं इस पद के लिए भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ का नाम भी प्रमुख दावेदारों में सामने आया है। वहीं अभी तक ECB की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है और द्रविड़ की नियुक्ति को लेकर सिर्फ अटकलें ही लगाई जा रही हैं।

हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में इंग्लैंड को अपने घर में 2-1 से हार मिली थी। इसके बाद ECB ने मैकुलम को बर्खास्त करने का फैसला किया। ब्रेंडन मैकुलम अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम के मुख्य कोच नहीं रहेंगे, लेकिन वह सीमित ओवरों (वनडे और टी20) की टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।

द्रविड़ बनेंगे इंग्लैंड को कोच


द डेली टेलीग्राफ के हवाले से न्यूज एजेंसी PTI ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि, राहुल द्रविड़ फिलहाल किसी टीम के साथ फुल-टाइम कोच की जिम्मेदारी संभालने के इच्छुक नहीं हैं। वहीं अगर उन्हें केवल इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी मिलती है, तो इससे उन्हें अपने परिवार के साथ घर पर अधिक समय बिताने का मौका मिल सकता है। राहुल द्रविड़ के नाम को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, राहुल द्रविड़ ने हाल ही में भारतीय टीम के मुख्य कोच के रूप में शानदार काम किया था। उनके कार्यकाल में भारत ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई और 2024 का टी20 विश्व कप जीतकर लंबे समय बाद आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की।

एंडी फ्लावर भी है दौड़ में शामिल

वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एंडी फ्लावर इंग्लैंड की टेस्ट टीम के अगले मुख्य कोच बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। खबरों के मुताबिक, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ऐसे कोच की नियुक्ति करने पर भी विचार कर रहा है जो आईपीएल में भी अपनी जिम्मेदारी निभा सके। ऐसे में जिम्बाब्वे के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज एंडी फ्लावर आरसीबी के साथ अपनी मौजूदा भूमिका जारी रख सकते हैं। एंडी फ्लावर को इंग्लैंड टीम की कोचिंग का अच्छा अनुभव है। उनके कार्यकाल में इंग्लैंड ने तीन बार एशेज सीरीज जीती थी और टेस्ट क्रिकेट में दुनिया की नंबर-1 टीम भी बनी थी।

ये खिलाड़ी भी लिस्ट में हैं शामिल

वहीं, नए टेस्ट हेड कोच की रेस में ग्लेमोर्गन के मुख्य कोच रिचर्ड डॉसन, श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा, इंग्लैंड लायंस के कोच एंड्रयू फ्लिंटॉफ, पाकिस्तान के मौजूदा मुख्य कोच माइक हेसन और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। ECB के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गोल्ड ने कहा कि टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच के लिए बोर्ड के पास पहले से ही छह से दस संभावित नामों की सूची मौजूद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।