Ishan Kishan: कीर्ति आजाद के बयान पर ईशान किशन ने दिया रिएक्शन, वायरल हो रहा वीडियो

Ishan Kishan: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद ईशान किशन जब पटना पहुंचे तो एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान मीडिया ने उनसे कीर्ति आजाद के बयान को लेकर सवाल किया। ईशान का रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है

अपडेटेड Mar 10, 2026 पर 10:08 PM
Story continues below Advertisement
तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने ट्रॉफी को मंदिर में ले जाने पर सवाल उठाया था

Ishan Kishan: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी ईशान किशन पटना पहुंचे, जहां पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। ईशान को देखने के लिए एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में फैंस और मीडिया मौजूद थे। मीडिया से बातचीत के दौरान एक पत्रकार ने उनसे पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद के एक बयान के बारे में सवाल किया गया, जिस पर क्रिकेटर ने बहुत ही शांत अंदाज में इसका जवाब दिया। बता दें टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम कप्तान सूर्यकुमार यादव, हेड कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह ट्रॉफी के साथ स्टेडियम के पास स्थित एक हनुमान मंदिर पहुंचे। मैच खत्म होने के तुरंत बाद हुई इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

ईशान किशन ने क्या कहा

टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन से जब पटना पहुंचने के बाद कीर्ति आजाद के बयान पर रिएक्शन मांगी गई, तो उन्होंने इस सवाल पर नाराजगी जाहिर की। ANI से बात करते हुए ईशान किशन ने कहा, “हमने इतना अच्छा वर्ल्ड कप जीता है और आप लोग ऐसे सवाल पूछ रहे हैं। मुझे लगा था आप लोग अच्छे सवाल करेंगे। कीर्ति आजाद ने क्या कहा, उसमें मैं क्या बोलूं।” उन्होंने आगे कहा, “अच्छा सवाल कीजिए… बताइए कि वर्ल्ड कप जीतने में कैसा मजा आया।”


ईशान ने बताया आगे का प्लान

इसी दौरान एक अन्य रिपोर्टर ने बीच में पूछा कि आपको जीत का कितना मजा आया। इस पर ईशान किशन ने जवाब देते हुए कहा, “यह अच्छा सवाल है, इससे पहले आप बेकार सवाल पूछ रहे थे।” आगे के प्लान के बारे में पूछे जाने पर क्रिकेटर ने कहा, “बस रन बनाते रहना है, खेलते रहना है और टीम के लिए जीत हासिल करते रहना है।”

कीर्ति आजाद ने किया पोस्ट

साल 1983 में वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने ट्रॉफी को मंदिर में ले जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि खेल और खिलाड़ी किसी धर्म या जाति से जुड़े नहीं होते। X पर एक पोस्ट में आजाद ने लिखा, “टीम इंडिया पर शर्म आनी चाहिए! जब हमने 1983 में कपिल देव की कप्तानी में वर्ल्ड कप जीता था, तब टीम में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी धर्मों के खिलाड़ी थे। हम ट्रॉफी को अपने धार्मिक स्थान पर नहीं, बल्कि अपनी मातृभूमि भारत लेकर आए थे।”

ट्रॉफी को मंदिर ले जाने पर उठाए सवाल

उन्होंने आगे लिखा, “भारतीय क्रिकेट की ट्रॉफी को मंदिर ही क्यों ले जाया गया? मस्जिद क्यों नहीं, चर्च क्यों नहीं, गुरुद्वारा क्यों नहीं? यह ट्रॉफी टीम इंडिया की है। ये सूर्यकुमार यादव या जय शाह के परिवार की नहीं है। सिराज ने इसे कभी मस्जिद में नहीं ले गए और संजू ने भी इसे चर्च नहीं ले गए। संजू ने टूर्नामेंट में अहम भूमिका निभाई और मैन ऑफ द टूर्नामेंट भी रहे। ये ट्रॉफी 1.4 अरब भारतीयों की है, किसी एक धर्म की जीत नहीं।” कीर्ति के इस बयान की काफी आलोचना हो रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।