भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अभी टेस्ट मैच खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 22 से गुवाहाटी में खेला जाएगा। वहीं इसके बाद भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेला जाएगा। वनडे मैचों की शुरुआत 30 नवंबर से होगी। वनडे सीरीज के लिए टीम का चयन जल्द ही होगा। वहीं मैच से पहले सीनियर भारतीय खिलाड़ियों जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को लेकर बड़ी खबर आ रही है। दोनों खिलाड़ियों के इस मैच में खेलने की संभावना कम है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पांड्या अभी क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबर रहे हैं और फिलहाल सिर्फ टी20 जैसे छोटे प्रारूप पर ध्यान देना चाहते हैं। वहीं बुमराह को बीसीसीआई की वर्कलोड मैनेजमेंट योजना के तहत आराम दिया जा सकता है, ताकि उन्हें आगे की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए फिट रखा जा सके।
पीटीआई ने बीसीसीआई के एक अधिकारी के हवाले से बताया, “हार्दिक अपनी क्वाड्रिसेप्स चोट से अच्छी तरह ठीक हो रहे हैं और इस समय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिटर्न टू प्ले (RTP) ट्रेनिंग कर रहे हैं। फिलहाल, इतनी गंभीर चोट के बाद उन्हें धीरे-धीरे अपना वर्कलोड बढ़ाना होगा। सीधे 50 ओवर के फॉर्मेट में उतरना जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए टी20 विश्व कप तक, बीसीसीआई की मेडिकल टीम और हार्दिक दोनों उनकी वापसी को ध्यान में रखते हुए सिर्फ टी20 इंटरनेशनल मैचों पर ही फोकस करेंगे।”
रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पांड्या अपनी मैच फिटनेस दिखाने के लिए बड़ौदा की तरफ से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल सकते हैं। उम्मीद है कि हार्दिक पांड्या दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में टीम इंडिया में वापसी करेंगे। बता दें हार्दिक पांड्या को 2025 एशिया कप के दौरान चोट लगी थी। श्रीलंका के खिलाफ सुपर-फोर चरण के भारत के आखिरी मैच में उन्होंने पहला ओवर डालकर एक विकेट तो लिया, लेकिन जल्द ही असहज महसूस होने पर मैदान छोड़कर पवेलियन लौट गए। इस चोट के कारण वह पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम फाइनल में भी नहीं खेल पाए, हालांकि टीम इंडिया ने वह मुकाबला जीत लिया।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज 30 नवंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर को खत्म होगी, जबकि दोनों टीमों के बीच पांच टी20 मैच 9 से 19 दिसंबर के बीच खेले जाएंगे। चूंकि 50 ओवरों वाले विश्व कप में अभी दो साल का समय है, इसलिए इस वनडे सीरीज को उतना महत्वपूर्ण नहीं माना जा रहा। खिलाड़ियों का ज्यादा ध्यान अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले टी20 विश्व कप पर है, इसलिए वे इस फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन करके टीम में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेंगे।