Jasprit Bumrah: आईपीएल 2026 की शुरुआत में अब गिनती के दिन रह गए हैं। आईपीएल में मुंबई इंडियंस अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम पर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करेगा। वहीं इस मैच से पहले मुंबई इंडियंस की बड़ी खबर आ रही है। जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस की टीम को ज्वाइंन करने से पहले बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) पहुंचे हैं, जिसके बाद फैंस के बीच उनकी फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई है। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले बुमराह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।
TOI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह आईपीएल 2026 से पहले मुंबई इंडियंस के कैंप में शामिल होने से पहले बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे थे। हालांकि यह साफ नहीं है कि वह किसी चोट की जांच के लिए वहां गए थे या यह उनकी नॉर्मल विजिट थी।
वर्ल्ड कप के फाइनल में नजर आए थे बुमराह
जसप्रीत बुमराह ने आखिरी बार 2026 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में खेला था, जहां उन्होंने अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ चार विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था। हालांकि, इसके बाद वह किसी भी जश्न या दिल्ली में हुए बीसीसीआई के वार्षिक अवॉर्ड समारोह में नजर नहीं आए। मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने पहले ही कहा था कि बुमराह और बाकी टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले खिलाड़ियों को लंबा आराम दिया जाएगा।
हालांकि, मुंबई में हुए टीम के ‘मिक्स’ इवेंट में सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या नजर आए, लेकिन बुमराह वहां शामिल नहीं हुए। बुमराह CoE में ट्रेनिंग शुरू करने से पहले परिवार के साथ समय बिता रहे हैं।
क्या हैं 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस'
'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) करीब 40 एकड़ में बना एक बड़ा ट्रेनिंग सेंटर है, जहां भारतीय खिलाड़ियों को ट्रेनिंग, रिहैब और बेहतर बनने का मौका मिलता है। यहां पुरुष, महिला और जूनियर खिलाड़ी अपनी स्किल्स सुधारते हैं। इस जगह पर तीन मैदान और 86 पिचें हैं, जहां खिलाड़ी ट्रेनिंग, मैच की तैयारी और फिटनेस पर काम करते हैं। यहां बीसीसीआई की मेडिकल टीम भी हमेशा मौजूद रहती है, जो खिलाड़ियों का ध्यान रखती है। हाल ही में आकाश दीप भी अपनी पीठ की चोट से ठीक होने के लिए यहीं रिहैब कर रहे थे।