विराट-रोहित के साथ बुमराह की भी कटेगी सैलरी? A+ ग्रेड खत्म करने की तैयारी में BCCI

बीसीसीआई खिलाड़ियों के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में से A+ कैटेगरी को खत्म करने की योजना बना रहा है। A+ कैटेगरी खत्म होने के बाद 2025-26 के नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में खिलाड़ियों को अब सिर्फ A, B और C कैटेगरी में रखा जाएगा

अपडेटेड Jan 20, 2026 पर 9:59 PM
Story continues below Advertisement
रोहित शर्मा और विराट कोहली को B कैटेगरी में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खिलाड़ियों के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है। बीसीसीआई खिलाड़ियों के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम को सरल बनाने के लिए 2018 में शुरू की गई A+ कैटेगरी को खत्म करने की योजना बना रहा है। 2025-26 के नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में खिलाड़ियों को अब सिर्फ A, B और C कैटेगरी में रखा जाएगा। सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट को अगली काउंसिल मीटिंग में मंजूरी दी जाएगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के एक अधिकारी ने PTI से कहा कि, जसप्रीत बुमराह की सैलरी में कोई कटौती नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते बुमराह कभी-कभी कुछ मैच नहीं खेलते, लेकिन इसके बावजूद वह सभी फॉर्मेट में भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण के लीडर बने हुए हैं।

बुमराह किस कैटगरी में होंगे


अधिकारी ने PTI से कहा, "ये बदलाव कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम को आसान बनाने के लिए किया जा रहा है, क्योंकि बहुत कम खिलाड़ी ऐसे हैं जो तीनों फॉर्मेट खेलते हैं। जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी, जो सभी फॉर्मेट में खेलते हैं, उन्हें सबसे ऊंची कैटेगरी में रखा जाएगा और उनकी सैलरी में किसी तरह की कटौती नहीं की जाएगी।" टेस्ट और वनडे में भारत की कप्तानी कर रहे शुभमन गिल को नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में A कैटेगरी में रखा जाएगा। वहीं, सिर्फ एक फॉर्मेट खेलने वाले रोहित शर्मा और विराट कोहली को B कैटेगरी में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

किस कैटगरी कितने रुपये मिलेंगे

नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में A कैटेगरी के खिलाड़ियों को करीब 7 करोड़ रुपये मिलने की संभावना है, जबकि B कैटेगरी के भुगतान ढांचे में बदलाव किए जा सकते हैं। जसप्रीत बुमराह के अलावा जो खिलाड़ी तीनों फॉर्मेट में सक्रिय हैं, उनमें रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव और ऑलराउंडर अक्षर पटेल तथा वाशिंगटन सुंदर शामिल हैं। पिछले कॉन्ट्रैक्ट साइकिल में अक्षर और कुलदीप B कैटेगरी में थे, जबकि वाशिंगटन सुंदर C कैटेगरी में रखे गए थे।

कौन-कौन किस ग्रुप में शामिल

फिलहाल A+ कैटेगरी के खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये, A कैटेगरी को 5 करोड़ रुपये, B कैटेगरी को 3 करोड़ रुपये और C कैटेगरी के खिलाड़ियों को 1 करोड़ रुपये मिलते हैं। बोर्ड का मकसद कॉन्ट्रैक्ट ढांचे को आसान और ज्यादा स्पष्ट बनाना है। अप्रैल 2025 में जारी 2024-25 के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में A+ कैटेगरी में केवल रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा चार खिलाड़ी थे। इनमें से जसप्रीत बुमराह ही ऐसे खिलाड़ी हैं जो तीनों फॉर्मेट खेलते हैं। कोहली और रोहित अब केवल वनडे में नजर आते हैं, जबकि जडेजा टेस्ट और वनडे खेलते हैं और उन्होंने टी20 से संन्यास ले लिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।