Jasprit Bumrah: भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले दो टेस्ट मैच की सीरीज से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है। सीरीज से पहले ही टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगता नजर आ रहा है। दुनिया के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में नहीं खेलेंगे। 32 साल के तेज गेंदबाज को 28 जुलाई को श्रीलंका दौरे के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में चुना गया था। हालांकि, उनके खेलने का फैसला उनकी फिटनेस पर निर्भर था। कुछ दिन पहले खबर आई थी कि जसप्रीत बुमराह ने अपना फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और वह श्रीलंका दौरे के लिए पूरी तरह फिट हैं। लेकिन अब नई रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह इस टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
बुमराह को लेकर आई ये बड़ी खबर
TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में शुरुआती जांच के दौरान जसप्रीत बुमराह के बाएं घुटने में परेशानी पाई गई। इसके बाद टीम मैनेजमेंट और मेडिकल स्टाफ ने फैसला किया कि उन्हें अभी मैदान पर वापसी नहीं कराई जाएगी। फिलहाल बुमराह को पूरी तरह फिट होने तक आराम करने और इलाज जारी रखने की सलाह दी गई है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि पहले भी कुछ खिलाड़ियों को जल्दबाजी में मैदान पर उतारा गया था, जिससे उनकी चोट और बढ़ गई थी। इसलिए बुमराह के मामले में कोई जोखिम नहीं लिया जाएगा।
बोर्ड चाहता है कि वह पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही वापसी करें। सूत्र ने यह भी कहा कि इस साल और अगले साल की शुरुआत में भारत को एशियन गेम्स, न्यूज़ीलैंड दौरा और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट खेलने हैं, इसलिए बुमराह की फिटनेस सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
बुमराह की जगह लेगा ये गेंदबाज
बीसीसीआई की सीनियर मेंस सलेक्शन टीम ने जल्द ही जसप्रीत बुमराह के स्थान पर नए खिलाड़ी के नाम का ऐलान कर सकती है। इस दौड़ में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी डार सबसे आगे बताए जा रहे हैं। अगर उनका चयन होता है, तो वह श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। औकिब नबी डार ने अभी तक भारत के लिए किसी भी फॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। हालांकि, उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। बारामूला के रहने वाले इस तेज गेंदबाज ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। उनके बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतने में सफलता हासिल की।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चार तेज गेंदबाजों को जगह दी गई है। इनमें जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार शामिल हैं। अगर बुमराह इस सीरीज से बाहर रहते हैं, तो भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा संभाल सकते हैं। दोनों गेंदबाज नई गेंद से टीम के लिए अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे।