भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैड दौरे के लिए टी20 टीम में चुना गया है।15 वर्षीय बल्लेबाज को इस महीने के अंत में आयरलैंड के खिलाफ होने वाली दो टी20 मैचों की सीरीज का हिस्सा है। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर पांच टी20 मुकाबले भी खेलेगी। वहीं अगर वैभव को सीरीज में खेलने का मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे। फैंस युवा क्रिकेटर के डेब्यू का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इंग्लैंड दौरे से पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर ने अपने यूट्यूब पॉडकास्ट 'फॉर द लव ऑफ क्रिकेट' में कई बार इस युवा खिलाड़ी की तारीफ कर चुके हैं। हाल ही में पॉडकास्ट के एक नए एपिसोड में स्टुअर्ट ब्रॉड के साथ बातचीत के दौरान बटलर ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने अपने प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह हासिल की है। वहीं सचिन तेंदुलकर से उनकी तुलना पर क्या कहा
जोस बटलर ने कहा, “15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में जगह मिलना पूरी तरह सही फैसला है। यह एक बेहद मजबूत भारतीय टीम है, जिसने बदलाव की प्रक्रिया में अपने विश्व कप विजेता कप्तान को भी टीम से बाहर कर दिया है। वह एक शानदार खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन हाल के समय में उनका प्रदर्शन पहले जैसा नहीं रहा। चूंकि अगला विश्व कप 2028 में होना है, इसलिए टीम मैनेजमैंट भविष्य को ध्यान में रखते हुए बदलाव करना चाहता है। इसी सोच के तहत श्रेयस अय्यर को मौका दिया गया है।”
शेयर की ये दिलचस्प बातचीत
जोस बटलर ने हाल ही में गुजरात टाइटंस के सहायक कोच आशीष कपूर के साथ हुई एक दिलचस्प बातचीत का जिक्र किया। जोस बटलर ने कहा, “गुजरात टाइटंस में हमारे सहायक कोच आशीष कपूर और मैं उस समय बातचीत कर रहे थे, जब भारत में वैभव सूर्यवंशी को लेकर काफी चर्चा हो रही थी। मैंने उनसे पूछा कि यह माहौल सचिन तेंदुलकर के शुरुआती दिनों की तुलना में कैसा है, क्योंकि वह उसी पीढ़ी से आते हैं और सचिन को खेलते हुए देखकर बड़े हुए हैं।
वैभव-सचिन के तुलना पर क्या कहा
बटलर ने आगे बताया, “आशीष कपूर ने कहा था कि सबसे बड़ा अंतर ये है कि वैभव को पहले ही लगभग हर कोई देख चुका है। उन्होंने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन सोशल मीडिया की वजह से वह पहले से ही काफी फेमस हो चुके हैं। लोगों ने उनकी बल्लेबाजी देखी है और ये भी देखा है कि उन्होंने दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग में किस तरह का प्रदर्शन किया है।”
बटलर ने आगे कहा, “जब सचिन तेंदुलकर अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे, तब लोग उनके बारे में अखबारों में पढ़ते थे। उनके असाधारण टैलेंट की चर्चा होती थी और लोग उन्हें देखने के लिए उत्सुक रहते थे। उस समय न तो सोशल मीडिया था और न ही हाइलाइट्स देखने की सुविधा। जब तक आप मैदान में मौजूद न हों या उन्हें टीवी पर लाइव न देख लें, तब तक उनके खेल को देख पाना आसान नहीं था। आज के खिलाड़ियों की तुलना में उस दौर में खिलाड़ियों को बहुत कम पहचान और एक्सपोजर मिलता था।”
उन्होंने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा, “वैभव पहले से ही काफी फेमस हो चुके हैं। वह टूर्नामेंट के सबसे मूल्यवान खिलाड़ी रहे, उन्होंने 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 700 से ज्यादा रन बनाए। कोई भी खिलाड़ी अगर इतने शानदार आंकड़े दर्ज करता है, तो उसका चयन होना स्वाभाविक है। उन्होंने अपने प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बनाई है और वह इस मौके के पूरी तरह हकदार हैं।” युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस समय श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई एकदिवसीय सीरीज में इंडिया ए टीम का हिस्सा हैं।