IPL 2026: आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला 28 मार्च को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले से पहले आरसीबी को बड़ा झटका लगा है। खबरों के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाएंगे। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, जोश हेजलवुड और सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस दोनों पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मेडिकल स्टाफ लगातार नजर बनाए हुए है। उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी जल्द ही आईपीएल में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
दो चोटों से जूझ रहें हेजलवुड
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज जोश हेजलवुड इस समय दो चोटों से जूझ रहे हैं, जिससे उनकी रिकवरी थोड़ी मुश्किल हो गई है। उन्हें दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव है, जो नवंबर 2025 में न्यू साउथ वेल्स के लिए खेलते समय लगी थी। इसी चोट से उबरने के दौरान उन्हें एच्लीस टेंडन में भी समस्या हो गई, जिससे उनकी वापसी में और देरी हो रही है। लगातार दो तरह की चोटों की वजह से जोश हेजलवुड के लिए फिट रहना मुश्किल हो गया है, इसी वजह से वह 2025-26 की एशेज सीरीज और 2026 टी20 वर्ल्ड कप से भी बाहर हो गए थे।
फिटनेस पर बोर्ड रख रही नजर
फिलहाल जोश हेजलवुड सिडनी में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उनकी रिकवरी को लेकर काफी सावधानी बरत रहा है, ताकि साल के आखिर में होने वाले टेस्ट मैचों के लिए वह पूरी तरह तैयार हो सकें। इसके बाद ही उन्हें आईपीएल में खेलने के लिए मेडिकल मंजूरी दी जाएगी।
जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी आरसीबी के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकती है, क्योंकि 2025 में टीम की पहली खिताबी जीत में उनका अहम योगदान था। उन्होंने उस सीजन में शानदार गेंदबाजी करते हुए 17.55 की औसत से 22 विकेट लिए थे। चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी उन्होंने कम मैच खेलकर अच्छा प्रदर्शन किया था। जोश हेजलवुड की कमी को पूरा करने के लिए अब भुवनेश्वर कुमार और स्पिन ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या जैसे खिलाड़ियों को ज्यादा जिम्मेदारी उठानी होगी।