IPL 2026: RCB से कब जुड़ेगे जोश हेजलवुड? फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज पर दिया ये बड़ा अपडेट

IPL 2026: आईपीएल 2026 का पहला मैच 28 मार्च को आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले आरसीबी के लिए जोश हेजलवुड की फिटनेस चिंता बनी हुई है। हेजलवुड आरसीबी की टीम से कब जुड़ेगे इसको लेकर आरसीबी ने नया अपडेट दिया है

अपडेटेड Mar 25, 2026 पर 8:00 AM
Story continues below Advertisement
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज जोश हेजलवुड इस समय दो चोटों से जूझ रहे हैं

IPL 2026: आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला 28 मार्च को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले से पहले आरसीबी के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की फिटनेस टीम के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। जोश हेजलवुड आरसीबी की टीम से कब जुड़ेगे इसको लेकर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने नया अपडेट दिया है। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने साफ किया कि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड तभी आईपीएल 2026 में टीम से जुड़ेंगे, जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उनकी फिटनेस को पूरी तरह से ठीक मान लेगा।

टीम के क्रिकेट डायरेक्टर मो बोबट के मुताबिक, फ्रेंचाइजी लगातार क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और मेडिकल टीम के संपर्क में है, क्योंकि हेजलवुड इस समय ऑस्ट्रेलिया में अपनी चोट से ठीक होने के लिए रिहैब कर रहे हैं।

टीम से कब जुड़ेगे हेडलवुड


आरसीबी टीम के क्रिकेट डायरेक्टर मो बोबट ने मंगलवार को कहा, “जैसा कि ज्यादातर लोग जानते हैं, जोश हेजलवुड हाल के समय में चोटों की वजह से काफी मैच नहीं खेल पाए हैं। वह फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में अपनी वापसी के लिए रिहैब प्रोग्राम पर काम कर रहे हैं और हम लगातार क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और अपनी मेडिकल टीम के साथ संपर्क में बने हुए हैं।” मो बोबट ने हिंट दिया कि हेजलवुड नए सीजन की शुरुआत में उपलब्ध नहीं रह सकते हैं और उनकी वापसी कब होगी, इसे लेकर अभी तक कोई तय तारीख सामने नहीं आई है।

हेजलवुड कब आएंगे भारत

उन्होंने कहा कि जैसे ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया जोश हेजलवुड की फिटनेस से संतुष्ट हो जाएगा, वह भारत आ जाएंगे। उन्होंने कहा, “हम लगातार उनसे बात करते रहेंगे और जैसे ही वह उस स्तर पर पहुंचेंगे जहां क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया संतुष्ट होगा, वह टीम से जुड़ जाएंगे। हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही हमारे साथ होंगे।” जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी और तेज गेंदबाज यश दयाल के निजी कारणों से इस सीजन में उपलब्ध न होने के बावजूद, मो बोबट ने भरोसा जताया कि टीम के पास तेज गेंदबाजी में अच्छी गहराई है।

'कई शानदार खिलाड़ी है'

उन्होंने कहा, “हमारी टीम में कुछ शानदार घरेलू तेज गेंदबाज हैं। रसिक, जिन्हें आप में से कई लोग जानते हैं, अभिनंदन, जो पिछले साल हमारे साथ थे और इस बार ऑक्शन में हमने मंगेश को भी शामिल किया है। ऐसे में घरेलू स्तर पर हमारे पास तीन मजबूत ऑप्शन हैं, जो उनकी कमी पूरी कर सकते हैं।” वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर अपने खिताब बचाने की शुरुआत 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ करेगी।

दो चोटों से जूझ रहें हेजलवुड

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज जोश हेजलवुड इस समय दो चोटों से जूझ रहे हैं, जिससे उनकी रिकवरी थोड़ी मुश्किल हो गई है। उन्हें दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव है, जो नवंबर 2025 में न्यू साउथ वेल्स के लिए खेलते समय लगी थी। इसी चोट से उबरने के दौरान उन्हें एच्लीस टेंडन में भी समस्या हो गई, जिससे उनकी वापसी में और देरी हो रही है। चोटों की वजह से जोश हेजलवुड को 2025-26 की एशेज सीरीज और 2026 टी20 वर्ल्ड कप से भी बाहर होना पड़ा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।