PGTI में शामिल होंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी? कपिल देव ने दिया ये जवाब

क्रिकेट के दिग्गज और PGTI के प्रेसिडेंट कपिल देव ने कहा कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को PGTI में खेलने की इजाजत मिलेगी या नहीं, इस पर फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है। 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान ये बात ‘72 द लीग’ की एक फ्रेंचाइजी के लॉन्च के मौके पर ये बात कही है

अपडेटेड Jan 05, 2026 पर 5:01 PM
Story continues below Advertisement
PGTI की नई फ्रेंचाइजी आधारित गोल्फ लीग है

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों की वजह से भारत में खेलने से मना कर दिया है। वहीं बांग्लादेश बोर्ड ने आईसीसी से बांग्लादेश के मैच भारत के बाहर करने की मांग की है। इससे पहले आईपीएल फ्रेंचाइजी केकेआर ने BCCI के निर्देश पर बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिज़ुर रहमान को टीम से रिलीज किया था। वहीं अब इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

क्रिकेट के दिग्गज और PGTI के प्रेसिडेंट कपिल देव ने कहा कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को PGTI में खेलने की इजाजत मिलेगी या नहीं, इस पर फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है।

कपिल देव ने क्या कहा


जब कपिल देव से यह सवाल किया गया कि क्या बांग्लादेशी खिलाड़ियों को प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) में खेलने से रोका जा सकता है, तो उन्होंने कहा, "इस मुद्दे पर बैठकर चर्चा की जाएगी और फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया गया है।" PGTI टूर में खेलने वाले बांग्लादेश के प्रमुख गोल्फरों में जमाल हुसैन, मोहम्मद सिद्दीकुर रहमान और मोहम्मद अकबर हुसैन शामिल हैं। हालांकि कपिल देव ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के ICC से संपर्क करने के हालिया फैसले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

गोल्फ लीग का किया लॉन्च

1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान ये बात ‘72 द लीग’ की एक फ्रेंचाइजी के लॉन्च के मौके पर कह रहे थे। ये PGTI की नई फ्रेंचाइजी आधारित गोल्फ लीग है, जिसका मकसद आमतौर पर व्यक्तिगत खेल माने जाने वाले गोल्फ में टीम फॉर्मेट को शामिल करना है, ताकि खेल को और आकर्षक बनाया जा सके। इसी मौके पर UP प्रोमेथियंस को ‘72 द लीग’ की पहली फ्रेंचाइजी घोषित किया गया, जबकि आने वाले हफ्तों में पांच और फ्रेंचाइजियों के नाम सामने आने की उम्मीद है।

गोल्फ में टीम-बेस्ड स्ट्रक्चर भी अहम

कपिल देव ने कहा, "इंडिया को गोल्फ में टीम-बेस्ड स्ट्रक्चर तलाशने की जरूरत है ताकि इस स्पोर्ट की ग्रोथ तेजी से हो सके। उन्होंने इसकी तुलना इंडियन प्रीमियर लीग के बाद क्रिकेट में आए बदलाव से की है।" उन्होंने आगे कहा, "मैंने क्रिकेट खेला, जो एक टीम गेम है। दूसरी तरफ, गोल्फ एक इंडिविजुअल स्पोर्ट है। इसके बावजूद भारत को गोल्फ में भी टीम फॉर्मेट अपनाने की जरूरत है।"

कपिल देव ने कहा, "गोल्फ में व्यक्तिगत प्रतिभा हमेशा अहम रहेगी, लेकिन टीम स्पोर्ट का असर अलग होता है। उनका विजन गोल्फरों को टीम गेम का अनुभव देना है। इस लीग का मकसद गोल्फरों को आगे लाना और उन्हें अपनी बात रखने के लिए एक मजबूत मंच देना है।" कपिल ने कहा कि जैसे क्रिकेट में खिलाड़ी खुद खेल के बारे में बोलते हैं, वैसे ही गोल्फ में भी गोल्फरों को ज्यादा सामने आकर अपनी बात रखनी चाहिए और लीग की भूमिका सिर्फ उन्हें प्रमोट करने की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।