IPL 2026: आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के फैंस के लिए अच्छी खबर हैं। कर्नाटक सरकार ने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के आईपीएल 2026 मैच आयोजित करने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही तय हो गया कि 28 मार्च को टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेला जाएगा। ये मुकाबला आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होगा। गौरतलब है कि 2025 में आरसीबी की खिताबी जीत के बाद जश्न के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठे थे।
केएससीए के आधिकारिक प्रवक्ता विनय मृत्युंजय के अनुसार, ये फैसला राज्य सरकार, केएससीए अधिकारियों, गृह मंत्री और एक विशेषज्ञ समिति के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। इस बैठक में स्टेडियम में किए गए सुरक्षा इंतजामों और सुधार कार्यों की समीक्षा की गई, जिसके बाद मैच कराने की अनुमति दी गई।
एनडीटीवी के अनुसार विनय मृत्युंजय ने कहा, “हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सरकार ने हमें चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैच आयोजित करने की अनुमति दे दी है। आरसीबी ने जो पांच मैच यहां कराने का प्रस्ताव दिया था, वे सभी इसी स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके अलावा प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले भी यहीं आयोजित होने की संभावना है।” उन्होंने आगे कहा, “सरकार ने हमसे यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि सभी सुरक्षा दिशानिर्देशों और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का सख्ती से पालन किया जाए।”
इंस्पेक्शन के बाद लिया फैसला
केएससीए के अनुसार, राज्य सरकार की मंजूरी तब मिली जब एक्सपर्ट कमिटी ने स्टेडियम का इंस्पेक्शन किया और पहले चरण में पूरे किए गए कार्यों की समीक्षा की। मृत्युंजय ने बताया, “केएससीए की प्रतिबद्धता के अनुसार, पहले चरण के सभी काम विशेषज्ञ समिति की संतुष्टि के मुताबिक पूरे कर लिए गए हैं। समिति ने किए गए कार्यों की पुष्टि करने के लिए पूरे स्टेडियम का व्यक्तिगत निरीक्षण भी किया।”
KSCA के वाइस प्रेसिडेंट सुजीत सोमसुंदर के अनुसार अब स्टेडियम को पूरी क्षमता के साथ मैच आयोजित करने की मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा, “स्टेडियम की कुल क्षमता करीब 33,000 दर्शकों की है। सभी सुरक्षा इंतजाम पूरे होने के बाद अधिकारियों ने हमें पूरी क्षमता के साथ मैच कराने की अनुमति दे दी है।”
चिन्नास्वामी में खेला जाएगा पहला मुकाबला
बीसीसीआई ने 12 मार्च को IPL 2026 के लिए 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया है। जारी शेड्यूल के मुताबिक बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम दो मैच को होस्ट करना है। IPL 2026 के सीजन का पहला मैच आरसीबी और एसआरएच के बीच खेला जाएगा। वहीं चिन्नास्वामी स्टेडियम 5 अप्रैल को RCB और CSK के बीच होने वाले मुकाबले की मेजबानी करेगा। RCB कुल पांच मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम और दो घरेलू मुकाबले रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेलेगा। बीसीसीआई जल्द ही बाकि मैच के शेड्यूल भी जारी करेगा।