The Hundred, Kavya Maran, Abrar Ahmed: सनराइजर्स हैदराबाद की को-ओनर काव्या मारन की नई टीम सनराइजर्स लीड्स ने द हंड्रेड ऑक्शन 2026 में पाकिस्तानी खिलाड़ी को चुनकर सोशल मीडिया पर हंगामा खड़ा कर दिया है। पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को काव्या मारन की टीम द्वारा खरीदे जाने पर भारत में लोग नाराजगी जता रहे हैं। लोग इस बात से नाराज हैं कि एक भारतीय ओनरशिप वाली टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को क्यों खरीदा। वहीं अब इस मामले पर BCCI ने अपनी बात रखी है।
राजीव शुक्ला ने कही ये बात
सनराइजर्स लीड्स द्वारा 'द हंड्रेड 2026' सीजन के लिए पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को साइन करने पर BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, "हमारा दायरा सिर्फ IPL तक सीमित है, दूसरी लीग्स में क्या हो रहा है, इससे हमें कोई लेना-देना नहीं है। यह पूरी तरह से उस फ्रैंचाइजी पर निर्भर करता है जिसने भारत के बाहर कोई टीम खरीदी है कि वे भारत के बाहर किसी खिलाड़ी को कहीं और ले जा रहे हैं या नहीं। IPL में ऐसा कोई खिलाड़ी नहीं है।"
सोशल मीडिया पर मचा है बलाव
बता दें कि, 2008 मुंबई हमलों के बाद से कोई भी पाकिस्तानी खिलाड़ी आईपीएल में नहीं खेले हैं। अबरार अहमद पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं जिन्हें किसी भी आईपीएल से जुड़े भारतीय ओनर ने किसी टी20 लीग में खरीदा है। अबरार अहमद को काव्या मारन ने 2.3 करोड़ की बड़ी कीमत पर खरीदा है। पाकिस्तान सुपर लीग में भी अबरार अहमद को इतना ही पैसा मिलता है। वहीं पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स के खरीदे जाने पर भारतीय फैंस बेहद नाराज हैं। चारों ओर सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की आलोचना हो रही है। नीलामी से पहले ही यह चर्चा थी कि आईपीएल से जुड़ी टीमें शायद पाकिस्तानी खिलाड़ियों को न खरीदें। लेकिन इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और सभी टीमों ने मिलकर एक बयान जारी किया था। उन्होंने साफ कहा था कि खिलाड़ियों को सिर्फ उनके खेल, काबिलियत और टीम के जरूरत के हिसाब से ही चुना जाएगा।
वहीं सनराइजर्स लीड्स के कोच डैनियल विटोरी ने बताया कि, उनकी टीम इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद को खरीदना चाहती थी लेकिन सदर्न ब्रेव्स ने उन्हें खरीद लिया और लीड्स फ्रेंचाइजी ने तुरंत रणनीति बदलते हुए अबरार को खरीद लिया।