पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को द हंड्रेड में सनराइजर्स लीड्स के खरीदने पर बवाल मचा हुआ है। सनराइजर्स लीड्स इन दिनों सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना कर रही है। सनराइजर्स लीड्स ने द हंड्रेड ऑक्शन 2026 में पाकिस्तानी खिलाड़ी को चुनकर सोशल मीडिया पर हंगामा खड़ा कर दिया है। पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को काव्या मारन की टीम द्वारा खरीदे जाने पर भारतीय क्रिकेट फैंस भड़के हुए हैं और सनराइजर्स ग्रुप को जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं।
पाकिस्तानी खिलाड़ी पर लगी इतने की बोली
पाकिस्तान के स्पिनर अबरार के लिए सनराइजर्स लीड्स और ट्रेंट रॉकेट्स के बीच बोली लग रही थी। जिसके बाद सनराइजर्स लीड्स ने अबरार को 190,000 पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा गया। काव्या मारन ऑक्शन में मौजूद थीं। ऑक्शन के बाद, सनराइजर्स के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने पाकिस्तानी क्रिकेटर को खरीदने के इस कदम के बारे में बात भी की।
सनराइजर्स लीड्स के कोच डैनियल विटोरी ने बताया कि, उनकी टीम इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद को खरीदना चाहती थी लेकिन सदर्न ब्रेव्स ने उन्हें खरीद लिया और लीड्स फ्रेंचाइजी ने तुरंत रणनीति बदलते हुए अबरार को खरीद लिया। उन्होंने बताया कि टीम की नजर कुछ खिलाड़ियों पर थी, जिनमें रिषाद हुसैन, उस्मान तारिक और अबरार अहमद शामिल थे। विटोरी ने आगे कहा कि अबरार अहमद एक ऐसे गेंदबाज हैं जिन्हें कई अंग्रेज खिलाड़ी ज्यादा नहीं जानते। हालांकि उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने यह भी कहा कि हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड के मैदान पर अब तक स्पिन गेंदबाज़ों को काफी सफलता मिली है, इसलिए टीम को लगा कि एक मजबूत स्पिनर को शामिल करना जरूरी है।
डेनियल विटोरी ने यह भी खुलासा किया कि मैनेजमेंट के बीच ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई थी कि टीम किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को नहीं खरीद सकती है। जबकि पहले रिपोर्ट्स सामने आई थीं कि आईपीएल टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नीलामी में नजरअंदाज करेंगी। SRH लीड्स ने अबरार अहमद पर अंतिम बोली लगाने से पहले एक अन्य पाकिस्तानी गेंदबाज उस्मान तारिक और बांग्लादेशी स्पिनर रिशाद हुसैन को खरीदने का भी विचार किया था।