Kevin Pietersen: आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर की भूमिका में नजर नहीं आएंगे। केविन पीटरसन पिछले सीजन में टीम के साथ मेंटर के तौर पर जुड़े थे और उनके मार्गदर्शन में टीम ने अच्छा प्रदर्शन भी किया था। हालांकि नए सीजन के शुरू होने से पहले उन्होंने साफ किया कि वह अब फ्रेंचाइजी के साथ आगे काम नहीं कर पाएंगे। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए केविन पीटरसन ने ये जानकारी दी है।
पोस्ट के जरिए केविन पीटरसन ने बताया कि वह इस जिम्मेदारी के लिए पूरा समय नहीं दे पा रहे हैं। इसी कारण उन्होंने मेंटर की भूमिका से हटने का फैसला किया है। अब वह फिर से आईपीएल में कमेंटेटर और ब्रॉडकास्टर के रूप में काम करते दिखाई देंगे, जिसे उन्होंने दुनिया की सबसे बेहतरीन क्रिकेट लीग बताया है।
केविन पीटरसन ने X (पहले ट्विटर) पर हिंदी में पोस्ट कर लिखा, “मैं इस आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का मेंटर नहीं बन पाऊंगा। इस जिम्मेदारी के लिए जितना समय देना चाहिए, उतना समय मैं नहीं दे सकता। इस सीजन के लिए सभी खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं! हालांकि, आप मुझसे कमेंट्री बॉक्स में जरूर मिलेंगे। आईपीएल दुनिया की सबसे बेहतरीन लीग है और मैं आप सभी से जल्द मिलने का इंतजार कर रहा हूं!”
पिछले मैच में टीम का प्रदर्शन
दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस समय GMR ग्रुप के नियंत्रण में है, जो दो साल के साइकिल के दूसरे साल में आता है। टीम के मालिक जीएमआर ग्रुप और जेएसडब्ल्यू ग्रुप हैं, जिन्होंने समझौते के तहत हर दो साल में फ्रेंचाइजी का संचालन बदलने का फैसला किया है। पिछले सीजन में जीएमआर ग्रुप ने केविन पीटरसन को टीम का मेंटर बनाया था। वहीं अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम ने शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन बाद में लय खो दी और अंत में अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रही।
दिल्ली कैपिटल्स अपने आईपीएल अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच से करेगी। यह मुकाबला टीम के लिए सीज़न का पहला मैच होगा, जहां वह जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करने की कोशिश करेगी।