भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने टेस्ट के पहले दिन 2 विकेट पर 288 रन बनाए। वहीं मुकाबले के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी कर रहे केएल राहुल को 162 गेंदों में 77 रनों पर रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। वहीं अब दिन का खेल खत्म होने के बाद भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने राहुल की इंजरी पर बड़ा अपडेट दिया है। कोटक ने बताया कि दिन का खेल खत्म होने तक राहुल पूरी तरह ठीक थे और उम्मीद है कि वह अगले दिन फिर से बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरेंगे।
भारत ने पहले दिन का खेल 288/2 के स्कोर पर खत्म किया। टीम के मजबूत स्कोर में केएल राहुल की 162 गेंदों पर खेली गई संयम भरी पारी और देवदत्त पडिक्कल के नाबाद 131 रन (178 गेंद) का अहम योगदान रहा। गॉल टेस्ट में छोटे ब्रेक के बाद केएल राहुल दोबारा मैदान पर लौटे, लेकिन कुछ ही समय बाद उन्हें हाथ में परेशानी महसूस हुई। वह दर्द में नजर आए और अपनी उंगलियां भी ठीक से नहीं हिला पा रहे थे। इसके बाद फिजियो की मदद से राहुल मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह कप्तान शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए।
राहुल को बताया शानदार खिलाड़ी
PTI के मुताबिक, कोटक ने कहा, "केएल राहुल ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। मुझे लगता है कि उन्हें सिर्फ क्रैम्प्स की समस्या हुई थी। दिन का खेल खत्म होने तक वह ठीक थे। जब क्रैम्प्स होते हैं तो यह हैमस्ट्रिंग, ग्रोइन या हाथ में भी हो सकते हैं। लेकिन अभी वह बिल्कुल ठीक लग रहे हैं और उम्मीद है कि कल खेलने के लिए तैयार रहेंगे।" कोटक ने राहुल को टीम का बेहद शानदार खिलाड़ी बताया। उन्होंने आगे कहा, "देखिए, वह ऐसा खिलाड़ी है जो वनडे में नंबर 5 या 6 पर बल्लेबाजी करता है।"
किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी करने को तैयार
उन्होंने आगे कहा, "जब आप एक सीनियर बल्लेबाज होते हैं और टीम की जरूरत के हिसाब से किसी भी नंबर पर खेलने के लिए तैयार रहते हैं, तो ये आपको एक बेहतरीन खिलाड़ी बनाता है। टीम के लिए राहुल बहुत उपयोगी हैं। टेस्ट में वह ओपनिंग करते हैं, जबकि वनडे में जरूरत के हिसाब से किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर लेते हैं। अभी जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसमें काफी जिम्मेदारी दिख रही है। वह बड़ी साझेदारियां बनाने की कोशिश करते हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।"