IPL 2026: KKR ने रिंकू सिंह को दी बड़ी जिम्मेदारी, बनाया टीम का उपकप्तान

IPL 2026: आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिंकू सिंह को वाइस कैप्टन बनाया है। वहीं टीम की कमान अजिंक्य रहाणे के हाथों में है। रिंकू सिंह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। केकेआर अपना पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी।

अपडेटेड Mar 24, 2026 पर 10:28 PM
Story continues below Advertisement
कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ रिंकू सिंह का सफर काफी खास रहा है

IPL 2026: आईपीएल 2026 शुरू होने में अब गिनती के दिन बचे हैं। आईपीएल की शुरुआत से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को लेकर बड़ी खबर आ रही है। केकेआर ने रिंकू सिंह को अपना वाइस कैप्टन बनाया है। वहीं टीम की कमान अजिंक्य रहाणे के हाथों में दी गई है। टीम भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जता रही है। रिंकू सिंह अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। आईपीएल में केकेआर का पहला मुकाबला 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस से होगा।

उपकप्तान बने रिंकू सिंह

कोलकाता नाइट राइडर्स के सीईओ वेंकी मैसूर ने कोलकाता में आयोजित ‘नाइट्स अनप्लग्ड 3.0’ इवेंट के दौरान कहा, “फ्रेंचाइजी की ओर से हमें ये घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है कि रिंकू सिंह टीम के उपकप्तान होंगे। रिंकू साल 2018 में केकेआर से जुड़े थे और तब से लगातार टीम का अहम हिस्सा बने हुए हैं।”


2028 से केकेआर के साथ जुड़े हैं रिंकू

कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ रिंकू सिंह का सफर काफी खास रहा है। उत्तर प्रदेश के इस शानदार बल्लेबाज को साल 2018 में केकेआर की टीम ने अपने साथ जोड़ा था और उस समय उन्हें 80 लाख रुपये में खरीदा गया था। तब से लेकर अब तक वह लगातार टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं। साल 2021 में रिंकू सिंह घुटने की गंभीर चोट (मेनिस्कस टियर) के कारण टीम से बाहर हो गए थे, लेकिन उस मुश्किल समय में केकेआर ने उनकी सर्जरी और रिहैब में पूरा साथ दिया।

13 करोड़ में किया रिटेन

इसके बाद 2022 की नीलामी में टीम ने उन्हें 55 लाख रुपये में फिर से अपने साथ जोड़ लिया। रिंकू ने केकेआर के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए कई मैचों में जीत दिलाई। वहीं 2025 में केकेआर ने 13 करोड़ रुपये में रिंकू सिंह को रिटेन किया था। रिंकू सिंह ने वेंकटेश अय्यर की जगह ली है। वहीं 2026 के ऑक्शन से पहले वेंकटेश अय्यर को रिलीज कर दिया गया था। 2026 के ऑक्शन में अय्यर को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने अपनी टीम में शामिल किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।