IPL 2026: बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होंगे IPL के मैच? आया ये बड़ा अपडेट

KSCA ने बताया कि बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को एक बार फिर आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों की मेजबानी की अनुमति मिल गई है। मैदान पर दोबारा मैच कराने की अनुमति जस्टिस माइकल डी'कुन्हा की रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू करने पर टिकी थी

अपडेटेड Jan 17, 2026 पर 9:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यह रिपोर्ट स्टेडियम में हुए हादसे की जांच के तहत तैयार की गई थी

बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर बड़ी खबर आ रही है। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) ने बताया कि बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी की अनुमति मिल गई है। इससे शहर में बड़े क्रिकेट मुकाबलों की वापसी का रास्ता साफ हो गया है। इस औपचारिक अनुमति के साथ पिछले कई महीनों से चल रही अनिश्चितता खत्म हो गई है।

KSCA के आधिकारिक प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने एक बयान में कहा, “हमें यह जानकारी देते हुए खुशी हो रही है कि कर्नाटक सरकार के गृह विभाग ने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन को इस प्रतिष्ठित मैदान पर अंतरराष्ट्रीय और IPL मैचों की मेजबानी की अनुमति दे दी है। ये अनुमति सरकार और संबंधित अधिकारियों द्वारा तय किए गए विशेष नियमों और शर्तों का पालन करने पर निर्भर होगी।”

सभी तय शर्तों को पूरा करेगा


मैदान पर दोबारा मैच कराने की अनुमति जस्टिस माइकल डी'कुन्हा की रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू करने पर टिकी थी। यह रिपोर्ट स्टेडियम में हुए हादसे की जांच के तहत तैयार की गई थी। मृत्युंजय ने कहा, “KSCA को भरोसा है कि वह तय की गई सभी शर्तों को पूरा करेगा। एसोसिएशन ने एक्सपर्ट रिव्यू कमेटी के सामने पहले ही एक विस्तृत कंप्लायंस रोडमैप पेश कर दिया है और सभी सुरक्षा, सिक्योरिटी और भीड़ प्रबंधन से जुड़े इंतजामों को पूरी तरह लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

कब हुआ था हादसा

बता दें 4 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के IPL 2025 खिताब जीतने के जश्न के दौरान भगदड़ मचने के बाद एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को क्रिकेट कैलेंडर से हटा दिया गया था। उस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी और 56 लोग घायल हुए थे। इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एहतियातन कई बड़े टूर्नामेंट और सीरीज इस स्टेडियम से बाहर शिफ्ट कर दी थीं, जिनमें दलीप ट्रॉफी, इंडिया–साउथ अफ्रीका मेन्स A सीरीज, विजय हजारे ट्रॉफी और 2025 ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप (फाइनल समेत) शामिल थे।

हादसे के बाद ट्रेजरर ने दिया इस्तीफा

इस पूरे मामले में KSCA को कई प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हादसे की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए ट्रेजरर और सेक्रेटरी ने इस्तीफा दे दिया था, जिसके कारण एसोसिएशन को कुछ महीनों तक इन अहम पदों के बिना काम करना पड़ा। बाद में पिछले साल वेंकटेश प्रसाद की अगुवाई में एक पैनल ने जिम्मेदारी संभाली और इस फेमस क्रिकेट मैदान पर फिर से मैच कराने को अपनी पहली प्राथमिकता बनाया। राज्य सरकार से मंज़ूरी मिलने के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने IPL 2026 के सभी घरेलू मुकाबले एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेलेगी या नहीं। RCB के होम वेन्यू को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।