भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़ में खेला जा रहा है। मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है। वहीं पहले बैटिंग करने आई भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 564 रनों पर घोषित कर दी। वहीं मुकाबले के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अफगानिस्तान की टीम 113 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी, वहीं मानव सुथार ने 15.5 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में भारतीय टीम के युवा ऑलराउंडर मानव सुथार ने डेब्यू किया है।
भारतीय ऑलराउंडर मानव सुथार के पिता जगदीश ने बताया कि उनका परिवार मुल्लांपुर में मानव का टेस्ट डेब्यू देखने गया था।उन्होंने बताया कि वे मैच के दूसरे दिन स्टेडियम में नहीं रुके, क्योंकि बेटे को पहली बार भारत के लिए खेलते हुए देखने को लेकर वे काफी घबराए हुए थे।
स्टेडियम से क्यों लौट गए मानव के पिता
राजस्थान के श्रीगंगानगर निवासी और रिटायर्ड फिजिकल एजुकेशन टीचर जगदीश सुथार अपने परिवार के साथ मुल्लांपुर पहुंचे थे, ताकि अपने बड़े बेटे मानव सुथार को भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करते हुए देख सकें। वहीं बेटे के इस खास मौके का गवाह बनने के बाद वह मैच के दूसरे दिन मैदान में नहीं रुके और घर लौट गए। वहीं अब जगदीश सुथार ने बताया कि वह वहां से क्यों लौट गए।
पीटीआई से बातचीत में जगदीश सुथार ने कहा, "हां, मेरी पत्नी और मेरी बेटी मानसी मानव का डेब्यू देखने मुल्लांपुर गई थीं। मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि उसे टेस्ट कैप लेते हुए देखकर हमें कैसा महसूस हुआ। हालांकि, अगले दिन हम घर लौट आए, क्योंकि स्टेडियम में बैठकर उसे खेलते हुए देखना हमें काफी घबराहट और थोड़ा अंधविश्वास जैसा महसूस करा रहा था।" उन्होंने आगे कहा, "यह सब मानव की कड़ी मेहनत और वर्षों की प्रैक्टिस का परिणाम है। वह रोज सुबह ट्रेनिंग के लिए घर से निकलता था और देर शाम वापस लौटता था। उसकी इस सफलता का श्रेय पूरी तरह उसे और उसके बचपन के कोच धीरज शर्मा को जाता है, जिनके लिए हम हमेशा आभारी रहेंगे।"
सुथार का कैसा रहा प्रदर्शन
मानव सुथार ने 15.5 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। सुथार ने अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज अब्दुल मलिक को आउट कर अपनी पहली सफलता हासिल की। उनकी गेंदबाजी में अच्छी लय और नियंत्रण देखने को मिला, जिससे बल्लेबाजों को काफी परेशानी हुई। अपने सधे हुए एक्शन और सटीक लाइन-लेंथ के दम पर मानव ने मैदान पर आत्मविश्वास भरा प्रदर्शन किया और सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।