Mohammed Amir: कौन जीतेगा टी20 वर्ल्ड कप? फाइनल मुकाबले से पहले मोहम्मद आम‍िर ने फिर की भव‍िष्यवाणी

Mohammed Amir: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे खेला जाएगा। मैच से पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। आमिर ने कहा फाइनल में न्यूजीलैंड के पास ट्रॉफी जीतने का बेहतर मौका हो सकता है

अपडेटेड Mar 08, 2026 पर 4:07 PM
Story continues below Advertisement
मोहम्मद आमिर मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय टीम की लगातार आलोचना कर रहे हैं

टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा। वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले से पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर अपने बयान को लेकर एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। मोहम्मद आमिर मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय टीम की लगातार आलोचना कर रहे हैं। आमिर ने कई बार कहा कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम को एकजुट होकर अच्छा प्रदर्शन करने में मुश्किलें आ रही हैं। आमिर ने कहा फाइनल में न्यूजीलैंड के पास ट्रॉफी जीतने का बेहतर मौका हो सकता है।

आमिर ने क्या कहा

मोहम्मद आमिर ने 'हारना मना है' शो पर कहा,, “न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पूरी टीम के रूप में शानदार प्रदर्शन किया। वे लगातार एक टीम की तरह बेहतर खेल दिखा रहे हैं। वहीं भारत की बात करें तो मुझे अब भी लगता है कि उनकी जीत मुख्य रूप से दो खिलाड़ियों की वजह से आ रही है। जसप्रीत बुमराह और संजू सैमसन ने टीम की सफलता में बड़ा योगदान दिया है।”


'न्यूजीलैंड बेहतरीन फॉर्म में'

उन्होंने आगे कहा, “नरेंद्र मोदी स्टेडियम की परिस्थितियां भी न्यूजीलैंड के पक्ष में जा सकती हैं। अगर गेंदबाजी विभाग को देखें तो न्यूजीलैंड इस समय भारत से बेहतर फॉर्म में नजर आता है। बुमराह को छोड़ दें तो भारत का कोई और गेंदबाज खास फॉर्म में नहीं दिख रहा। वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या भी संघर्ष करते हुए नजर आए हैं।” हालांकि आमिर ने यह भी माना कि बल्लेबाजी के मामले में दोनों टीमें लगभग बराबर मजबूत हैं, लेकिन उनके अनुसार रविवार रात टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी न्यूजीलैंड के हाथ में जा सकती है।

'न्यूजीलैंड जीत सकता है मुकाबला'

आमिर ने कहा, “दोनों टीमों की बल्लेबाजी लगभग बराबर मजबूत है और खिलाड़ियों की क्वालिटी भी अच्छी है। हालांकि न्यूजीलैंड की गेंदबाजी इस समय बेहतर फॉर्म में दिख रही है, जबकि भारत काफी हद तक बुमराह पर निर्भर नजर आता है। इसलिए मुझे लगता है कि इस मुकाबले में न्यूजीलैंड जीत सकता है।” यह इतिहास में चौथी बार होगा जब भारत टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेलेगा, जबकि न्यूजीलैंड दूसरी बार इस मुकाबले में पहुंचेगा। भारत अब तक दो बार ट्रॉफी जीत चुका है और इस बार वह तीसरा खिताब हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

मोहम्मद आमिर की कई भविष्यवाणियां पहले गलत साबित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि मौजूदा चैंपियन भारत सुपर-8 से आगे नहीं बढ़ पाएगा, लेकिन टीम इंडिया ने अच्छा खेल दिखाकर सेमीफाइनल तक जगह बना ली। आमिर ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड की जीत की भी भविष्यवाणी की थी, लेकिन भारत ने वह मैच 7 रन से जीत लिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।