IND vs SA: अभिषेक शर्मा पर फिर आया मोहम्मद आमिर का बयान, पहले कहा था 'स्लॉगर'

IND vs SA: ओपनर अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म टीम के लिए सबसे ज्यादा चिंता का कारण बना हुआ है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक सिर्फ 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं मैच हारने के बाद मोहम्मद आमिर ने अभिषेक शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है

अपडेटेड Feb 23, 2026 पर 10:43 PM
Story continues below Advertisement
आमिर ने यह भी कहा कि मौजूदा भारतीय टीम पहले जितनी मजबूत नहीं दिखती,

IND vs SA: अहमदाबाद में खेले गए ग्रुप 1 के सुपर 8 मुकाबले में भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से हार का सामना करना पड़ा। टी20 वर्ल्ड कप के इस मैच में भारतीय बल्लेबाजी की कमजोरियां साफ तौर पर नजर आईं। भारत की पूरी टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। वहीं ओपनर अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म टीम के लिए सबसे ज्यादा चिंता का कारण बना हुआ है। लगातार तीन मैचों में डक पर आउट होने के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में भी वह सिर्फ 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिससे टीम को मजबूत शुरुआत नहीं मिल सकी। 188 रन के टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम 18.5 ओवर में सिर्फ 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और मैच एकतरफा हो गया।

ग्रुप स्टेज में अभिषेक की खराब बल्लेबाजी का टीम पर ज्यादा असर नहीं पड़ा, क्योंकि भारत ने उस दौर में ज्यादातर मुकाबले कमजोर टीमों के खिलाफ खेले थे। लेकिन साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने टीम संभल नहीं पाई और पूरी तरह बिखर गई।

अभिषेक को लेकर क्या कहा


भारत की इस हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर, जिन्होंने पहले अभिषेक शर्मा को “स्लॉगर” कहकर विवाद खड़ा किया था, उन्होंने भी इस मौके पर भारत पर तंज कसा। आमिर ने 'हारना मना है' शो में कहा, "आपने देखा होगा कि उसने एक ही साइड पर 14 रन बनाए। उसने जो तीन बाउंड्री लगाईं, वे खराब गेंदों पर थीं। उसमें पोटेंशियल है। तीन डक के बाद भी उसने वही इंटेंट बनाए रखा। लेकिन एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर मैं उसे यही कहना चाहूंगा कि इंटरनेशनल क्रिकेट आपकी तकनीक की असली परीक्षा लेता है। अगर वह थोड़ा धैर्य रखे और गेंद की लाइन के मुताबिक शॉट खेले तो उसके लिए बेहतर रहेगा। उसके पास हुनर है, अब वह उसे कैसे इस्तेमाल करता है, यह उसी पर निर्भर है।”

विराट-रोहित पर भी की बात

आमिर ने यह भी कहा कि मौजूदा भारतीय टीम पहले जितनी मजबूत नहीं दिखती, खासकर जब उसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ी नहीं हैं। उन्होंने कहा, "इंडिया इस T20 वर्ल्ड कप में पहली बार चेज करते हुए एक्सपोज हो गया। ये ऐसी टीम नहीं है जिसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा हों। उन्होंने सिचुएशन के हिसाब से मैच को हैंडल किया।"

अक्षर के बाहर रखने पर पुछे सवाल

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम के संयोजन पर सवाल उठाते हुए आमिर ने अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को बाहर बैठाने के फैसले पर निराशा जताई। उन्होंने कहा, “भारत की सबसे बड़ी गलती यह रही कि टॉप पर तीन लेफ्ट-हैंडर भेजे। रिंकू को खेलने का सही टाइम ही नहीं मिलता। आपने कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को उन बैट्समैन के खिलाफ बेंच पर बिठाया जो स्पिनर्स के खिलाफ स्ट्रगल करते हैं। आप कितनी भी बड़ी टीम क्यों न हों, जब तक आप सही कॉम्बिनेशन नहीं खिलाएंगे, आपको रिजल्ट नहीं मिलेंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।