Mohammed Shami: विराट-अनुष्का के मंदिर जाने पर उठे सवाल! मोहम्मद शमी ने दिया दो टूक जवाब

Mohammed Shami: भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अक्सर वृंदावन जाकर आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से मुलाकात करते हैं। वहीं हाल ही में भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने विराट के आध्यात्मिक यात्रा के बारे में खुलकर बात की है

अपडेटेड Aug 04, 2026 पर 11:15 PM
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अक्सर वृंदावन जाकर आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से मुलाकात करते हैं

भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पिछले काफी समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर है। मोहम्मद शमी इन दिनों घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं। वहीं हाल ही में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक इंटरव्यू में शामिल हुए हैं। इस इंटरव्यू में उन्होंने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के आध्यात्मिक यात्रा के बारे में खुलकर बात कही है। उन्होंने कहा कि, अगर दोनों अपनी आस्था के अनुसार मंदिर या किसी आध्यात्मिक जगह पर जाते हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। अक्सर सोशल मीडिया पर ऐसा कहा जाता है कि अनुष्का ने विराट को आध्यात्मिक बनाया है। वहीं इस पर शमी ने साफ कहा कि यह दोनों का निजी मामला है और इससे किसी दूसरे को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अक्सर वृंदावन जाकर आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से मुलाकात करते हैं। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भी दोनों उनके दर्शन के लिए पहुंचे थे। कपल अपने बच्चों वामिका और अकाय को भी कई धार्मिक स्थलों और मंदिरों में लेकर जाते हैं।

शमी ने क्या कहा


मोहम्मद शमी ने टाइम्स नाउ नवभारत को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है। उनके मुताबिक, विराट कोहली हमेशा से अपने धर्म और आस्था को गंभीरता से लेते रहे हैं। शमी ने कहा, "ये अच्छी बात है। ये अचानक नहीं हुआ है। विराट अपने विश्वास को लेकर हमेशा से बेहद गंभीर रहे हैं। जिस चीज में उनका भरोसा होता है, उसे पूरा समय देते हैं और पूरी ईमानदारी व अनुशासन के साथ उसका पालन करते हैं।"

विराट काफी डिसिप्लिन में रहते हैं

शमी ने आगे कहा कि विराट कोहली अपने जीवन में हर काम को बेहद व्यवस्थित तरीके से करते हैं। उन्होंने बताया कि कोहली अपने होटल के कमरे तक को पूरी तरह सलीके से रखते हैं, जिससे उनकी डिसिप्लिन और ऑर्गनाइज्ड लाइफस्टाइल साफ दिखाई देती है। शमी ने कहा, “जहां तक महाराज की बात है, मुझे नहीं लगता कि किसी को उंगली उठाने या ऑब्जेक्शन उठाने की ज़रूरत है। अगर आप किसी चीज़ में विश्वास करते हैं, तो आपको उसे प्रायोरिटी भी देनी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, "अगर वे पति-पत्नी ऐसा करते हैं, तो इससे किसी को क्या परेशानी होनी चाहिए? मुझे समझ नहीं आता कि लोग इस पर सवाल क्यों उठाते हैं।"

विराट का प्रदर्शन

हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि भारत यह सीरीज 1-2 से हार गया, लेकिन कोहली ने तीन मैचों में 144 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 48.00 और स्ट्राइक रेट 109.09 रहा, जबकि उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए। अब विराट कोहली 27 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में फिर से मैदान पर नजर आएंगे। क्रिकेट प्रेमी बेसब्री से इस टूर्नामेंट के शुरु होने का इंतजार कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।