आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले भारत की टी20 टीम में एक बड़ा बदलाव हुआ है। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज अब इस दौरे का हिस्सा नहीं होंगे। सिराज को पहले श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली 16 सदस्यीय टीम में चुना गया था। वहीं अब बीसीसीआई ने मेडिकल स्टाफ और टीम प्रबंधन से चर्चा के बाद उन्हें टीम से बाहर करने का फैसला किया है। उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है। कृष्णा लंबे समय बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। प्रसिद्ध ने अपना पिछला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नवंबर 2023 में खेला था।
BCCI ने एक बयान में कहा, "बीसीसीआई की मेडिकल टीम और टीम मैनेजमेंट के बीच चर्चा के बाद मोहम्मद सिराज को उनके वर्कलोड मैनेजमेंट प्रोग्राम के तहत आराम करने की सलाह दी गई है। बोर्ड ने बयान में कहा कि यह फैसला आगामी लंबे इंटरनेशनल सीजन को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया है, ताकि वह पूरी तरह फिट और तरोताजा रह सकें।"
भारतीय टीम अपने आगामी टी20 दौरे की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ दो मुकाबलों से करेगी। दोनों टी20 मैच 26 जून और 28 जून को खेले जाएंगे। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी। भारत और इंग्लैंड के बीच 1 जुलाई से चेस्टर-ले-स्ट्रीट में पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी।
टेस्ट मैच का हिस्सा थे सिराज
मोहम्मद सिराज हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय टीम का हिस्सा थे। इस मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पारी और 300 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। मैच सिर्फ तीन दिनों में समाप्त हो गया था। सिराज ने इस दौरान 13 ओवर गेंदबाजी की और टीम के लिए एक विकेट हासिल किया। भारतीय गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन ने इस ऐतिहासिक जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सिराज ने आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए पूरे सीजन में लगातार सभी 17 मुकाबले खेले और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। सिराज ने अपना पिछला टी20 इंटरनेशनल मैच फरवरी 2026 में टी20 विश्व कप के दौरान अमेरिका के खिलाफ खेला था।
प्रसिद्ध कृष्णा का प्रदर्शन
इस बीच, तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए 12 मैचों में हिस्सा लिया और अपनी गेंदबाजी से टीम को अहम योगदान दिया। हाल ही में वह अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भी भारतीय टीम का हिस्सा थे। उस मुकाबले में उन्होंने 14 ओवर गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए। उनके प्रदर्शन ने एक बार फिर टीम प्रबंधन का भरोसा मजबूत किया है।