IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले को लेकर सस्पेंस बरकरार है। पाकिस्तान सरकार ने 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मैच को बॉयकॉट करने का ऐलान किया है। हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच बैठक हुई है। इस बैठक में मैच से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। वहीं इस बैठक के बाद पीसीबी के चीफ मोहसिन नकवी ने भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बॉयकॉट पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा, इस मामले पर वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से चर्चा करेंगे। नकवी ने बताया कि अगले दो दिनों में पीसीबी इस मुद्दे पर अपना अंतिम फैसले का ऐलान करेगा।
दो दिनों में लिया जाएगा फैसला
मोहसिन नकवी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “हमने इस मामले में उनसे बात की है, लेकिन फिलहाल टिप्पणी करना ठीक नहीं होगा। जब उनका जवाब आ जाएगा, तब हम आगे का फैसला करेंगे। ICC का जवाब आने के बाद हम सलाह के लिए PM (शहबाज शरीफ) के पास वापस जाएंगे।" उन्होंने आगे कहा, "अगले एक-दो दिनों में इस पर आधिकारिक घोषणा की जाएगी।" बैठकों के दौरान बांग्लादेश सहित कई क्रिकेट बोर्ड्स ने मोहसिन नकवी से अनुरोध किया कि वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला वापस लेने के लिए मनाएं।
नकवी ने कहा, “हम अपने मेहमानों का सम्मान करते हैं। आईसीसी हमारे देश आया था, इसलिए हमने उनकी इज्जत की। फिलहाल हम ज्यादा कुछ नहीं कह सकते, क्योंकि आईसीसी और बांग्लादेश के बीच बातचीत जारी है। बांग्लादेश का रुख हमें सही लगा, इसलिए हमने उनका समर्थन किया।” भारत में पाकिस्तान के संभावित यू-टर्न को कुछ लोग इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के बैन के दबाव के आगे झुकना मान रहे हैं। हालांकि मोहसिन नकवी ने इस बात से साफ इनकार किया।
उन्होंने कहा, “आप जानते हैं कि हम ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। हमारे फील्ड मार्शल (असीम मुनीर) को हर कोई जानता है। हमें किसी भी बैन की चिंता नहीं है।"
आईसीसी के डिप्टी चेयर इमरान ख्वाजा,पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रसिडेंट अमीनुल इस्लाम की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को लाहौर में बैठक की। इस मीटिंग में 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 मैच के बहिष्कार के पाकिस्तान के फैसले पर चर्चा हुई। रिपोट्स के मुताबिक, इस बैठक में पाकिस्तान ने ICC के सामने कई मांगें रखीं। इन मांगों में भारत के साथ बाइलेटरल सीरीज दोबारा शुरू करने और भारत, पाकिस्तान व बांग्लादेश के बीच ट्राई-सीरीज कराने का प्रस्ताव भी शामिल था। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, ICC ने इनमें से तीन प्रमुख मांगों को खारिज कर दिया।