Rohit Sharma: 'मोटा हो जाऊंगा...', सीरीज जीत के जश्न में रोहित शर्मा ने केक खाने से किया इनकार! ठहाके लगाने लगे विराट, देखिए वायरल वीडियो

Rohit Sharma: अपने करियर का पहला वनडे शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल ने जब रोहित शर्मा को केक खिलाने की कोशिश की, तो रोहित ने मना कर दिया। वायरल वीडियो में रोहित को मजाकिया अंदाज में यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'नहीं, मोटा हो जाऊंगा वापिस'

अपडेटेड Dec 07, 2025 पर 1:55 PM
सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया ने अपने होटल में केक काटकर जीत का जश्न मनाया

India Vs South Africa: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शनिवार, 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला गया तीसरा और अंतिम वनडे मुकाबला भारतीय टीम के नाम रहा। केएल राहुल की अगुवाई में टीम इंडिया ने 9 विकेट की शानदार जीत दर्ज कर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। रोहित शर्मा (75 रन, 73 गेंद) और यशस्वी जायसवाल (नाबाद 116 रन) की 155 रन की बेहतरीन ओपनिंग साझेदारी ने भारत को 271 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल करने में मदद की।

'मोटा हो जाऊंगा वापिस': रोहित का वायरल रिएक्शन

सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया ने अपने होटल में केक काटकर जीत का जश्न मनाया। इसी दौरान एक ऐसा पल कैमरे में कैद हो गया, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। अपने करियर का पहला वनडे शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल ने जब रोहित शर्मा को केक खिलाने की कोशिश की, तो रोहित ने मना कर दिया। वायरल वीडियो में रोहित को मजाकिया अंदाज में यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'नहीं, मोटा हो जाऊंगा वापिस।' वहीं मौजूद विराट कोहली, रोहित कई यह बात सुनकर ठहाके लगाने लगे।


प्रशंसकों ने रोहित की इस प्रतिक्रिया को सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया। लेकिन फैंस को सबसे ज्यादा मजा तब आया, जब केक को मना करने वाले रोहित के ठीक बगल में खड़े विराट कोहली ने खुशी-खुशी केक का एक बाइट लिया।

रोहित ने छुआ 20,000 अंतर्राष्ट्रीय रन आंकड़ा

इसी मैच में रोहित शर्मा ने अपने करियर का एक और महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया। वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 20,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। तीसरे वनडे से पहले उन्हें इस आंकड़े को छूने के लिए केवल 27 रन की आवश्यकता थी, जिसे उन्होंने केशव महाराज की गेंद पर एक रन लेकर 14वें ओवर में पूरा किया।

रोहित यह उपलब्धि हासिल करने वाले सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली के बाद चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। वह विश्व क्रिकेट में यह मील का पत्थर छूने वाले केवल 14वें खिलाड़ी हैं। रोहित शर्मा वर्तमान में 504 मैचों की 538 पारियों में 20,048 रनों के साथ, एबी डिविलियर्स (20,014 रन) से आगे निकल चुके हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।