Hardik Pandya: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इसके बाद हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर कई तरह की खबरें सामने आने लगीं। गुजरात टाइटंस से मुंबई में आने के बाद वह फॉर्म, फिटनेस और टीम के साथ तालमेल जैसी चुनौतियों से जूझते रहे हैं। इसी वजह से ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस को छोड़ कर दूसरी टीम में जा सकते हैं। लेकिन अभी तक किसी भी टीम या फ्रेंचाइजी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं हाल ही में मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को लेकर सामने आई ट्रेड की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
फ्रेंचाइजी ने कहा कि, हार्दिक को चेन्नई सुपर किंग्स या किसी अन्य टीम के साथ ट्रेड करने पर कोई चर्चा नहीं हुई है। लेकिन टीम ने ये जरूर माना कि आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पूरे सीजन और टीम की रणनीति की समीक्षा की जा रही है।
फ्रेंचाइजी के स्पोक्सपर्सन ने स्पोर्टस्टार को बताया, "हम फिलहाल सीजन खत्म होने के बाद टीम के प्रदर्शन की समीक्षा कर रहे हैं और हर पहलू पर विचार किया जा रहा है। मीडिया में चल रही खबरों के विपरीत, अभी किसी भी खिलाड़ी के ट्रेड को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। समीक्षा पूरी होने के बाद ही आगे कोई फैसला लिया जाएगा।" उन्होंने आगे कहा, "टीम प्रबंधन कई अलग-अलग विकल्पों और योजनाओं पर विचार कर रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर फैसला लिया जाएगा, इसलिए फिलहाल किसी भी तरह का अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।"
एमआई ने साफ किया कि, फिलहाल किसी खिलाड़ी के ट्रेड को लेकर कोई बातचीत नहीं चल रही है। फ्रेंचाइजी की समीक्षा पूरी होने के बाद ही अगले आईपीएल सीजन के लिए टीम की रणनीति और खिलाड़ियों को लेकर फैसला लिया जाएगा।
आईपीएल में मंहगे बिक सकते हैं
माना जा रहा कि आईपीएल 2027 से पहले प्री-ऑक्शन ट्रेड विंडो दिसंबर 2026 के दूसरे सप्ताह तक खुली रहेगी, इसके बाद ही तस्वीर साफ हो सकती है। अगर हार्दिक पांड्या आईपीएल नीलामी में उतरते हैं, तो उन पर कई टीमें बड़ी बोली लगा सकती हैं। फिटनेस और फॉर्म को लेकर सवाल जरूर हैं, लेकिन तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर की मांग हमेशा बनी रहती है। भारतीय क्रिकेट में इस तरह के खिलाड़ियों की संख्या काफी कम है, इसलिए हार्दिक अब भी नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं।
शानदार ऑलराउंडर हैं हार्दिक पांड्या
साल 2016 में भारतीय टीम में डेब्यू करने के बाद से हार्दिक पांड्या जैसा तेज गेंदबाजी करने वाला ऑलराउंडर भारत को अब तक नहीं मिला है। कुछ खिलाड़ियों ने उनकी जगह लेने की कोशिश की, लेकिन कोई भी लगातार खुद को साबित नहीं कर पाया। यही वजह है कि हार्दिक जैसे खिलाड़ी किसी भी आईपीएल टीम के लिए बेहद अहम माने जाते हैं। भारतीय खिलाड़ी होने के कारण वह विदेशी खिलाड़ी की जगह भी नहीं लेते और बल्ले व गेंद दोनों से टीम को मजबूत संतुलन देते हैं।