IPL Telecast: दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग IPL के बांग्लादेशी फैंस के लिए एक बुरी खबर है। रिलायंस और डिज्नी के जॉइंट वेंचर JioStar ने बांग्लादेश में आईपीएल के ब्रॉडकास्ट राइट्स का कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया है। वैसे तो बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण पहले से ही बैन है लेकिन अब अगर बांग्लादेश सरकार प्रतिबंध हटा भी लेती है, तब भी वहां का कोई स्थानीय चैनल इसका प्रसारण नहीं कर पाएगा।
क्यों टूटा करोड़ों का करार?
रॉयटर्स द्वारा देखे गए दस्तावेजों के अनुसार, मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली कंपनी JioStar ने बांग्लादेशी ब्रॉडकास्टर TSports को एक पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि TSports समझौते के तहत तय समय सीमा के भीतर भुगतान करने में बार-बार विफल रहा है। 17 फरवरी को भेजे गए इस पत्र के अनुसार, साल 2023 से 2027 तक के लिए किए गए इस प्रसारण सौदे को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।केवल पुरुषों का आईपीएल ही नहीं, बल्कि महिला प्रीमियर लीग (WPL) के प्रसारण का सौदा भी इन्हीं कारणों से खत्म कर दिया गया है।
मुस्तफिजुर को लेकर हुए विवाद के बाद तनावपूर्ण हुए रिश्ते
बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण पहले से ही राजनीतिक और कूटनीतिक विवादों में फंसा हुआ था। जनवरी में बांग्लादेश ने आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी थी। इसका मुख्य कारण कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करना था, जिसे ढाका ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के इशारे पर की गई कार्रवाई माना।
बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के बाद दोनों देशों के बीच उपजे तनाव ने भी खेल कूटनीति को प्रभावित किया। अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के गिरने और ढाका में नई सरकार बनने के बाद से भारत और बांग्लादेश के संबंधों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है।
क्या अब भी है कोई उम्मीद?
बांग्लादेश सरकार फिलहाल आईपीएल पर लगे प्रतिबंध की समीक्षा कर रही है। बांग्लादेश ने शनिवार को कहा था कि आगे का कोई भी कदम खेल मंत्रालय की राय पर निर्भर करेगा। वैसे सरकार का रुख जो भी हो, जियोस्टार द्वारा करार खत्म करने के बाद अब वहां कोई स्थानीय ब्रॉडकास्टर मौजूद नहीं है। 28 मार्च से शुरू हो चुके आईपीएल सीजन के लिए यह वहां के दर्शकों के लिए एक बड़ी निराशा है।