PAK vs ENG Highlights: कप्तान हैरी ब्रूक के तूफानी शतक से सेमीफाइनल में इंग्लैंड, वर्ल्ड कप से बाहर होने के कगार पर पाकिस्तान

PAK vs ENG Highlights: सुपर-8 मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। पाकिस्तान ने 164 रन बनाए थे, लेकिन इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया। हैरी ब्रूक ने 100 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। इस हार के साथ पाकिस्तान की सेमीफाइनल की राह कठिन हो गई है

अपडेटेड Feb 24, 2026 पर 11:39 PM
Story continues below Advertisement
PAK vs ENG Highlights: पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने 4 विकेट लिए

PAK vs ENG Highlights: टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 164 रन बनाए। पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 165 रन का टारगेट दिया। जवाब में इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में 8 विकेट खोकर 166 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड की जीत के हीरो हैरी ब्रूक रहे, जिन्होंने 51 गेंदों में 100 रन की शानदार पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने 4 विकेट लिए, लेकिन उनकी मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी।

इस जीत के साथ इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई, जबकि पाकिस्तान के लिए आगे की राह कठिन हो गई है। पाकिस्तान का अगला मुकाबला 28 फरवरी को श्रीलंका से होगा। अगर पाकिस्तान ये मुकाबला जीत भी जाता है तो भी पाकिस्तान के पास बस 3 ही अंक हो पाएगा। पाकिस्तान की टीम को दूसरे टीम के प्रदर्शन पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।

गेंदबाजों का प्रदर्शन


इंग्लैंड की तरफ से लियाम डॉसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 3 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन को 2-2 विकेट मिले, जबकि आदिल राशिद ने 1 बल्लेबाज को आउट किया। दूसरी ओर पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके। उस्मान तारिक और मोहम्मद नवाज को भी 2-2 विकेट हासिल हुए।

इंग्लैंड की खराब शुरुआत

165 रन के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ओवर की पहली ही गेंद पर शाहीन अफरीदी ने फिल सॉल्ट को बिना खाता खोले आउट कर दिया। वहीं तीसरे ओवर में अफरीदी ने जोस बटलर (2 रन) को भी पवेलियन भेज दिया, जिससे दोनों ओपनर जल्दी आउट हो गए। पांचवें ओवर में जैकब बेथेल 8 रन बनाकर शाहीन अफरीदी की गेंद पर आउट हुए और टीम का स्कोर 3 विकेट पर 36 रन हो गया। इसके बाद 8वें ओवर में 58 रन पर टॉम बैंटन (2 रन) उस्मान तारिक का शिकार बने। लगातार गिरते विकेटों से इंग्लैंड की पारी दबाव में आ गई। इंग्लैंड की पारी में लगातार विकेट गिरते रहे, लेकिन इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने एक छोर संभालकर शानदार बल्लेबाजी की।

हैरी ब्रूक ने संभाली पारी

हैरी ब्रूक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में फिफ्टी और 50 गेंदों में तूफानी शतक जड़ दिया। उन्होंने 51 गेंदों में 100 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। सैम करन (16 रन) और ब्रूक के बीच 45 रन की साझेदारी हुई, जबकि विल जैक्स और ब्रूक ने 52 रन जोड़े। हैरी ब्रूक शाहीन अफरीदी की गेंद पर आउट हुए। 17 ओवर के बाद इंग्लैंड 6 विकेट पर 155 रन बना चुका था। 19वें ओवर में मोहम्मद नवाज ने दो विकेट लेकर मैच रोमांचक बना दिया और 19 ओवर के बाद स्कोर 162/8 हो गया। आखिरी ओवर में जीत के लिए 3 रन चाहिए थे, जिसे जोफ्रा आर्चर ने चौका लगाकर पूरा कर दिया और इंग्लैंड को यादगार जीत दिलाई।

पाकिस्तान की खराब शुरुआत

पाकिस्तान की पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और तीसरे ओवर में 14 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिर गया, जब जोफ्रा आर्चर ने सैम अयूब को 7 रन पर आउट किया। इसके बाद चौथे ओवर में लियाम डॉसन ने सलमान आगा (5 रन) को पवेलियन भेजकर दूसरा झटका दिया। टीम संभलने की कोशिश कर ही रही थी कि 11वें ओवर में 73 रन पर तीसरा विकेट गिर गया। बाबर आजम 24 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए। उनसे पहले बाबर और साहिबजादा फरहान के बीच 44 गेंदों में 46 रन की साझेदारी हुई, जिसने कुछ देर के लिए पारी को संभाला। 14वें ओवर में साहिबजादा फरहान ने 37 गेंदों में फिफ्टी लगाई है। वहीं 16वें ओवर के बाद पाकिस्तान को लगातार झटके लग रहे थे।

साहिबजादा फरहान की फिफ्टी

16वें ओवर में 122 रन पर पाकिस्तान का चौथा विकेट गिरा, जब जेमी ओवरटन ने साहिबजादा फरहान को 45 गेंदों में 63 रन पर आउट किया। फरहान और फखर जमान के बीच 29 गेंदों में 49 रन की अहम साझेदारी हुई थी। इसके बाद 17वें ओवर में 132 रन पर आदिल राशिद ने फखर जमान (25 रन) को पवेलियन भेजा। 18वें ओवर में लियाम डॉसन ने एक ही ओवर में उस्मान खान (8 रन) और मोहम्मद नवाज (0) को आउट कर पाकिस्तान को दो बड़े झटके दिए। 19वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने शाहीन अफरीदी (2 रन) का विकेट लिया, जबकि आखिरी ओवर में शादाब खान 11 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। अंत में पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 164 रन बनाए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।