टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर बड़ी खबर आ रही है। कई हफ्तों से चल रही अटकलों के बीच अब साफ हो गया कि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार होगा। ये मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना है। सोमवार को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष के साथ हुई बैठक पर आधिकारिक जानकारी दी है। आईसीसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ये जानकारी दी है।
पहले पीसीबी ने पाकिस्तान सरकार के निर्देश के बाद भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की थी। हालांकि, आईसीसी के साथ लंबी बातचीत और विचार-विमर्श के बाद पाकिस्तान ने अपना फैसला बदलते हुए मैच खेलने पर सहमति जताई है।
आईसीसी से बैठक के बाद हुआ फैसला
लाहौर में आईसीसी डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा ने एक आपात बैठक की थी, इसमें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी शामिल थे। आईसीसी ने सोमवार को एक प्रेस रिलीज जारी किया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष के साथ हुई बैठक पर आधिकारिक बयान जारी किया। आईसीसी ने इस बातचीत को खुली, पॉजिटिव और सौहार्दपूर्ण बताया। बोर्ड ने ये भी माना कि, टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश का बाहर होना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन इससे उसके आधिकारिक दर्जे पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
आईसीसी ने जारी किया प्रेस रिलीज
आईसीसी ने अपनी मीडिया रिलीज में कहा, "आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश टीम के दुर्भाग्यवश हिस्सा न ले पाने के बावजूद, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) की फुल मेंबर के रूप में स्थिति पूरी तरह सुरक्षित है। आईसीसी ने कहा कि बांग्लादेश का क्रिकेट इतिहास समृद्ध रहा है और उसने ग्लोबल लेवल पर खेल के विकास में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही, आईसीसी ने ये भी दोहराया कि वह दुनिया के सबसे उत्साही क्रिकेट बाजारों में से एक जहां 20 करोड़ से अधिक प्रशंसक हैं। वहां खेल की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राष्ट्रीय टीम के इस टूर्नामेंट में न खेलने का देश में क्रिकेट पर कोई दीर्घकालिक नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
बांग्लादेश पर नहीं होगी कोई कार्यवाई
आईसीसी ने साफ किया कि बीसीबी पर किसी तरह की सजा नहीं लगाई जाएगी। साथ ही, आईसीसी ने भविष्य में होने वाले किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी के अधिकार बांग्लादेश को देने पर भी सहमति जताई है। बयान में कहा गया कि मौजूदा मामले में बीसीबी पर न तो कोई आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा, न ही खेल या प्रशासनिक स्तर पर कोई कार्रवाई की जाएगी।