T20 World Cup: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। ये घोषणा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी के टूर्नामेंट बॉयकॉट को लेकर बयानबाजी के ठीक एक दिन बाद आई है। इस दौरान पाकिस्तान बोर्ड के चेयरमैन ने आईसीसी की आलोचना करते हुए कहा कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करना गलत है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत आने से इनकार किया था। बांग्लादेश के बाहर होने के बाद उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है।
पाकिस्तान को ग्रुप A में नीदरलैंड्स, अमेरिका, नामीबिया और भारत के साथ रखा गया है। पाकिस्तान अपना पहला मैच 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगा।
सलमान को बनाया गया कप्तान
सलमान अली आगा इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान टीम की कप्तानी करेंगे, जो 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। टीम की घोषणा लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई। इस मौके पर पीसीबी के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर और चयन समिति के सदस्य आकिब जावेद, कप्तान सलमान आगा और व्हाइट-बॉल टीम के हेड कोच माइकल जेम्स हेसन मौजूद थे।
ESPNCricinfo के अनुसार जावेद ने कहा, “हम चयनकर्ता हैं और हमारा काम टीम चुनना है। हमने समय सीमा के काफी करीब टीम का ऐलान किया है। टूर्नामेंट में हमारी भागीदारी को लेकर फैसला सरकार को करना है, इसलिए इस पर मैं कुछ नहीं कह सकता। चेयरमैन ने भी यही बात कही है, अब हम उनके फैसले का इंतजार करेंगे।”
पाकिस्तान भी करेगी बॉयकाट
आईसीसी की सुरक्षा जांच में भारत में बांग्लादेश टीम के लिए कोई खतरा नहीं पाया गया, लेकिन बांग्लादेश के लगातार इनकार के बाद आईसीसी ने उसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया। इस फैसले के बाद मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश के समर्थन में बयान दिया और कहा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की भागीदारी उनकी सरकार के फैसले पर निर्भर करेगी। हालांकि, इन टिप्पणियों के ठीक एक दिन बाद ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया।
हारिस रऊफ को नहीं मिली जगह
इस टीम में सीनियर खिलाड़ियों मोहम्मद रिजवान और हारिस रऊफ को जगह नहीं दी गई है। मोहम्मद रिजवान पिछले एक साल से भी ज्यादा समय से पाकिस्तान की टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं और उन्होंने आखिरी बार 2024 में यह फॉर्मेट खेला था। वहीं एशिया कप 2025 के फाइनल में खराब प्रदर्शन के बाद तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को भी टीम से बाहर कर दिया गया है। दूसरी ओर, अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम ने ऑस्ट्रेलिया में हुई बिग बैश लीग 2025–26 में संघर्ष के बावजूद अपनी जगह टीम में बनाए रखी है।
पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप की पूरी टीम
सलमान आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा नफे (विकेट कीपर), मोहम्मद नवाज, सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेट कीपर), सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेट कीपर) उस्मान तारिक