टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में अब बस गिनती के दिन ही बचे हैं। पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा या नहीं इसका फैसला 2 फरवरी को लिया जाएगा। पाकिस्तान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के वर्ल्ड कप से बाहर होने पर उसका बैकअप प्लान बना रहा है। हाल ही में टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है, जिससे PCB काफी नाराज है। इसी वजह से PCB के चीफ मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश के समर्थन में ICC के इस इवेंट का बहिष्कार करने की बात कही है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, नकवी ने बताया था कि इस मुद्दे पर अंतिम फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी तक साफ कर दिया जाएगा। ICC और PCB के बीच चल रहे विवाद के बीच पाकिस्तान के वर्ल्ड कप से बाहर होने पर उसका बैकअप प्लान सामने आया है।
पाकिस्तान तैयार कर रहा बैकअप प्लान
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप नहीं खेलता है तो PCB लाहौर में 4 टीमों का एक घरेलू टूर्नामेंट कराने की तैयारी में है, जिसमें पाकिस्तान टीम और शाहीन अंडर-18 टीम भी शामिल होंगी। वहीं वर्ल्ड कप के बाद की स्थिति पर चर्चा करने के लिए PCB चीफ मोहसिन नकवी ने पिछले हफ्ते पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात भी की थी।
PCB चीफ मोहसिन नकवी ने पहले ICC की आलोचना करते हुए उस पर “डबल स्टैंडर्ड” अपनाने का आरोप लगाया और कहा था कि पाकिस्तान टीम तभी हिस्सा लेगी जब सरकार से मंजूरी मिलेगी। इसके बाद, जो कि देश के इंटीरियर मिनिस्टर भी हैं, नकवी ने इस मुद्दे पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की। खबरों के मुताबिक, 2 फरवरी को इस पर अंतिम फैसला आने की उम्मीद है, जो उसी दिन है जब पाकिस्तानी खिलाड़ी श्रीलंका रवाना होने वाले हैं।
कब होगा भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला
इस बीच वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू होने वाला है और पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा। भारत और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच पहले से हुई आपसी सहमति के कारण दोनों टीमें न्यूट्रल वेन्यू पर आमने-सामने होंगी। इसी वजह से भारत अपनी पड़ोसी टीम के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए श्रीलंका जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच यह बड़ा मैच 15 फरवरी को खेला जाएगा।