T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में अब बस गिनती के दिन ही बचे हैं। टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है। वहीं टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बड़ी खबर आ रही है। टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मंजूरी दे दी है। पाकिस्तान सरकार ने साफ किया है कि सलमान अली आगा की कप्तानी वाली टीम 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाला मैच नहीं खेलेगी। ग्रुप-A में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। फैंस को इस मैच का बेसब्री से इंतजार है।
रविवार को X पर किए गए एक आधिकारिक पोस्ट में पाकिस्तान सरकार ने पुष्टि की कि सलमान आगा की कप्तानी वाली राष्ट्रीय टीम को इस बड़े ICC टूर्नामेंट में खेलने की मंजूरी मिल गई है। पाकिस्तान सरकार के X पोस्ट में कहा गया, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की मंजूरी देती है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाला मैच नहीं खेलेगी।”
इस फैसले के बाद इलाके में बढ़े राजनीतिक तनाव के बीच टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खेलने को लेकर चल रही कई दिनों की अटकलें खत्म हो गई हैं। टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है, जिससे PCB काफी नाराज है। इसी वजह से PCB के चीफ मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश के समर्थन में ICC के इस इवेंट का बहिष्कार करने की बात कही है। PCB चीफ ने कहा था कि बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद ही सरकार यह तय करेगी कि पाकिस्तानी टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी या नहीं।
PCB चीफ मोहसिन नकवी ने पहले ICC की आलोचना करते हुए उस पर “डबल स्टैंडर्ड” अपनाने का आरोप लगाया और कहा था कि पाकिस्तान टीम तभी हिस्सा लेगी जब सरकार से मंजूरी मिलेगी। इसके बाद, जो कि देश के इंटीरियर मिनिस्टर भी हैं, नकवी ने इस मुद्दे पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी।
कब है भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला
इस बीच वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू होने वाला है और पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा। भारत और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच पहले से हुई आपसी सहमति के कारण दोनों टीमें न्यूट्रल वेन्यू पर आमने-सामने होंगी। इसी वजह से भारत अपनी पड़ोसी टीम के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए श्रीलंका जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच यह बड़ा मैच 15 फरवरी को खेला जाएगा।