Usman Tariq: 'दो बार क्लीन चिट मिल चुकी है', उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर उठ रहे सवालों पर सलमान आगा ने दिया जवाब

IND vs PAK: इस मुकाबले से पहले पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक चर्चा में बने हुए हैं। पाकिस्तान का मानना है कि उस्मान तारिक की रहस्यमयी स्पिन टीम के लिए खास हथियार साबित हो सकती है। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने उस्मान तारिक का समर्थन किया

अपडेटेड Feb 14, 2026 पर 5:02 PM
Story continues below Advertisement
तारिक की गेंदबाजी एक्शन पर सलमान आगा ने रिएक्शन दिया है

ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम अपना तीसरा मुकाबला 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। ये बड़ा मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होगा। अब तक दोनों टीमों ने अपने-अपने दो मैच जीत लिए हैं, इसलिए यह मैच बेहद अहम माना जा रहा है। जो टीम इस मुकाबले को जीतेगी, वह ग्रुप A से सुपर 8 में पहुंचने वाली पहली टीम बन जाएगी। वहीं इस मुकाबले से पहले पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक चर्चा में बने हुए हैं। पाकिस्तान का मानना है कि उस्मान तारिक की रहस्यमयी स्पिन टीम के लिए खास हथियार साबित हो सकती है।

वहीं भारत में उनके गेंदबाजी एक्शन को लेकर बहस छिड़ी हुई है और इसे लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं। ऐसे में मैच से पहले ही तारिक का नाम दोनों देशों में सुर्खियों में है। तारिक की गेंदबाजी एक्शन पर सलमान आगा ने रिएक्शन दिया है। कोलंबो में होने वाले अहम मुकाबले से एक दिन पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने उस्मान तारिक का समर्थन किया।

ICC से मिल चुकी है क्लिन चिट


शनिवार को कोलंबो में मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान आगा ने कहा, “उस्मान तारिक को दो बार क्लीन चिट मिल चुकी है। ICC ने जो भी निर्देश दिए थे और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी के लिए जो भी नियम जरूरी थे, उसने सबका पालन किया है। इसलिए मुझे समझ नहीं आता कि लोग उसके बारे में इतनी बातें क्यों कर रहे हैं।”

तारिक ने क्या कहा

आगा ने कहा कि तारिक को अपने गेंदबाजी एक्शन को लेकर हो रही चर्चाओं से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि वह पहले से ही ऐसी बातों का आदी है। उन्होंने कहा, “मैं आपको भरोसा दिला सकता हूं कि उसे इसकी कोई चिंता नहीं है। जब से उसने इंटरनेशनल करियर शुरू किया है, तब से ये बातें उसके साथ जुड़ी हुई हैं, इसलिए अब वह इन पर ध्यान नहीं देता।”

तारिक शानदार गेंदबाजी है-आगा

उन्होंने आगे कहा, “हमारी टीम में सभी खिलाड़ी बराबर हैं। आप लोगों ने उस्मान तारिक को ज्यादा बड़ा मुद्दा बना दिया है। हमारे लिए वह बाकी 15 खिलाड़ियों की तरह ही एक खिलाड़ी है। पिछले कुछ महीनों से वह शानदार गेंदबाजी कर रहा है। पाकिस्तान के लिए खेलने से पहले भी उसने लीग क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया था। हां, आप यह कह सकते हैं कि वह हमारे लिए एक अहम हथियार साबित हो सकता है।”

उस्मान तारिक का रिकॉर्ड

30 साल के उस्मान तारिक अब तक पाकिस्तान की टी20 टीम के लिए चार अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और इनमें कुल 11 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने 1 नवंबर 2025 को लाहौर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना टी20 डेब्यू किया था, जहां चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट हासिल किए। तारिक ने 10 फरवरी को कोलंबो (SSC) में अमेरिका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेला, जहां उन्होंने चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट लिए और शानदार प्रदर्शन किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।