टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर पाकिस्तान का ड्रामा खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। एक के बाद एक PCB के ड्रामे सामने आ रहे हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर होता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ICC बोर्ड पाकिस्तान को इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरी तरह अलग-थलग करने की तैयारी में है। वहीं अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने नया पैंतरा चला है।
पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम का ऐलान जरूर कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट में खेलने को लेकर तस्वीर अब भी साफ नहीं है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साफ संकेत दिए हैं कि टीम घोषित करना और वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। अंतिम फैसला अभी भी पाकिस्तान सरकार के हाथ में है। जानकारी मोहसिन नकवी अब शहबाज शरीफ से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
बांग्लादेश हो चुका है बाहर
ICC को बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करना पड़ा, क्योंकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत जाने से इनकार कर दिया था। PCB ने बांग्लादेश के मैचों को श्रीलंका में कराने के सुझाव का समर्थन किया था। हालांकि ICC की बैठक में बांग्लादेश के पक्ष में सिर्फ दो सदस्यों ने वोट दिया। इसके बाद ICC ने बांग्लादेश को 21 जनवरी की तय समयसीमा के बाद अपना फैसला बदलने के लिए 24 घंटे का अतिरिक्त समय दिया। जब बांग्लादेश सरकार अपने रुख पर कायम रही, तो ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया।
ब्रॉडकास्टर्स की बढ़ी चिंता
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने मोहसिन नकवी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नकवी के इस बयान से उन ब्रॉडकास्टर्स की चिंता बढ़ गई है, जिन्होंने टूर्नामेंट में भारी पैसा लगाया है। अपने यूट्यूब शो ‘गेम प्लान’ में बासित अली ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में नकवी के शब्दों ने सबको चौंका दिया। नकवी ने कहा था कि पाकिस्तान टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा या नहीं, इसका फैसला सरकार से पूछकर किया जाएगा। बासित अली का कहना है कि ऐसे बयान अब ICC के लिए हालात को आसान नहीं बनाते।
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान को टूर्नामेंट का बहिष्कार नहीं करना चाहिए, क्योंकि टीम को भारत में खेलना भी नहीं है। लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पाकिस्तान सरकार यह कहे कि बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखानी चाहिए, तो फिर क्या होगा? ऐसे में आगे क्या फैसला लिया जाएगा, यह बड़ा सवाल है। उन्होंने आगे कहा कि अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप नहीं खेलता है, तो ब्रॉडकास्टर्स को भारी नुकसान होगा और वे विरोध करने पर मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हट जाता है, तो उसकी जगह कौन-सी टीम लाई जाएगी।