IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला हमेशा से खास रहा है। महिला और मेंस टीम का पाकिस्तान पर भारत का दबदबा हमेशा से रहा है। वहीं हाल ही में विमेंस एशिया कप के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में मात दी। भारत की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच गई है। वहीं पाकिस्तान भी हॉन्ग कॉन्ग, चीन को 72 रन से हराकर विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मैच के बाद पाकिस्तान महिला टीम के हेड कोच वहाब रियाज ने स्टेडियम में मौजूद पाकिस्तानी समर्थकों से मुलाकात की और टीम का हौसला बढ़ाने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।
पाकिस्तानी फैंस ने की ये मांग
दुबई स्टेडियम में वहाब रियाज पाकिस्तानी फैंस से बात कर रहे थे। इसी दौरान एक फैन ने उनसे अपनी खास इच्छा बताई। फैन ने कहा भारत से मिली हार पर भड़ास निकालते हुए कहा कि हमको ट्रॉफी नहीं चाहिए, बस इंडिया को हराना है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। फैन को ये कहते हुए सुना गया कि, “वहाब साहब, इंडिया पर कोशिश करें। वहाब भाई, इंडिया को हराना है हमने। हमें (एशिया कप) ट्रॉफी नहीं चाहिए, इंडिया को हमने हराना है। इंडिया नहीं छोड़ना चाहिए।”
एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को दी थी मात
विमेंस एशिया कप 2026 में पाकिस्तान और भारत का मुकाबला पहले ही हो चुका है, जिसमें भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की थी। 5 सितंबर को दुबई में खेले गए ग्रुप ए के इस मैच में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। पाकिस्तान की पूरी टीम 18.1 ओवर में महज 55 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। इसके जवाब में भारतीय महिला टीम ने बिना ज्यादा परेशानी के नौ ओवर से पहले ही 56 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सेमीफाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगा पाक
पाकिस्तान महिला टीम का अगला मैच एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में श्रीलंका से होगा। यह मुकाबला शुक्रवार, 11 सितंबर को खेला जाएगा। अगर पाकिस्तान श्रीलंका को हराकर फाइनल में पहुंचता है और भारत भी अपना सेमीफाइनल जीत जाता है, तो फाइनल में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की टीमें भिड़त हो सकती हैं। एशिया कप का फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा।