टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत हो गई है। पाकिस्तान का पहला मुकाबला कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला गया है। इस मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 3 विकेट से मात दी है। टी20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को होने वाले भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर अभी भी पूरी तरह साफ स्थिति नहीं है। फैंस इस बड़े मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इसे लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई है। वहीं श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच के बहिष्कार के फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की थी।
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान बोर्ड से उम्मीद की जा रही है कि वह श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की इस अपील पर दोबारा विचार करने के लिए अपनी सरकार से फिर से सलाह करेगा।
पाकिस्तान ले सकता है यू-टर्न
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, “ये साफ है कि पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच सरकार और क्रिकेट दोनों स्तर पर हमेशा से करीबी और दोस्ताना रिश्ते रहे हैं। इसलिए श्रीलंका बोर्ड की इस चिट्ठी को यूं ही नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।” सूत्र ने आगे बताया कि, श्रीलंका बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने सीधे मोहसिन नकवी से संपर्क किया था। उन्होंने पाकिस्तान से मिलने वाले अहम सहयोग का जिक्र करते हुए कहा कि अगर भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होता है, तो श्रीलंका को टिकट बिक्री और हॉस्पिटैलिटी से होने वाली कमाई में बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
सरकार से बात के बाद लेंगे फैसला
नकवी ने सिल्वा को भरोसा दिलाया कि वह इस मामले पर अपनी सरकार से बात करेंगे और उसके बाद ही कोई जवाब देंगे। उन्होंने यह भी साफ किया कि मीडिया में जो खबरें चल रही हैं, जिनमें कहा गया है कि पाकिस्तान ने श्रीलंका की अपील पहले ही ठुकरा दी है, वे सही नहीं हैं। सूत्र ने बताया, “पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी कल से देश में नहीं थे और आज लौटने वाले हैं। वह भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार से जुड़े ईमेल की जानकारी प्रधानमंत्री को देंगे और उम्मीद है कि इस पर सोमवार तक फैसला कर लिया जाएगा।”
श्रीलंका खिलाड़ियों को लौटने से किया था मना
सूत्र ने आगे बताया कि, पिछले नवंबर में जब सुरक्षा कारणों से श्रीलंका के कुछ खिलाड़ी पाकिस्तान दौरे से वापस लौटना चाहते थे, तब श्रीलंका सरकार ने पाकिस्तान का पूरा साथ दिया था। 'न सिर्फ श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड, बल्कि सरकार ने भी खिलाड़ियों को व्हाइट बॉल सीरीज का दौरा पूरा करने का निर्देश दिया था।'
श्रीलंका ने की दुबारा सोचने की अपील
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घोषणा की कि उनकी टीम बांग्लादेश के समर्थन में खड़ी रहेगी और टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। वहीं श्रीलंका के राष्ट्रपति ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से इस फैसले पर फिर से विचार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर भारत-पाकिस्तान जैसा बड़ा मैच तय कार्यक्रम के अनुसार नहीं हुआ, तो श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।