T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से मात दी है। भारत से मिली इस हार के बाद पाकिस्तानी क्रिकेट में उथल-पुथल मचा हुआ है और कुछ खिलाड़ियों को बाहर की जाने की मांग की जा रही है। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक टी20 वर्ल्ड कप में नामीबिया के खिलाफ बुधवार को होने वाले मुकाबले के लिए पाकिस्तान टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। टीम प्रबंधन पूर्व कप्तान बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को इस मैच से बाहर बैठाने पर विचार कर रहा है। ये फैसला भारत के खिलाफ 15 फरवरी को मिली 61 रन की बड़ी हार के बाद लिया गया माना जा रहा है। जियो न्यूज के मुताबिक, 'टीम मैनेजमेंट इन दो सीनियर खिलाड़ियों के खराब परफॉर्मेंस से निराश हो गया है।'
इस बार बाबर आजम और शाहीन अफरीदी के प्रदर्शन पर पहले से ही सवाल उठ रहे थे। उस मैच में बाबर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए, लेकिन सात गेंदों में केवल पांच रन ही बना सके। उन्होंने अक्षर पटेल की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन पूरी तरह चूक गए और बोल्ड हो गए। उनकी इस पारी ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दीं। वहीं दूसरी ओर, शाहीन अफरीदी का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने अपने दो ओवर में 31 रन दे दिए और उनका इकॉनमी रेट 15.50 रहा, जो मैच के दौरान काफी महंगा साबित हुआ। इस मुकाबले में उनका एक ओवर सबसे ज्यादा रन देने वाला रहा।
नामीबिया के लिए करो या मरो का मुकाबला
अगर टीम मैनेजमेंट बाबर आजम और शाहीन अफरीदी को बाहर बैठाने का फैसला करता है, तो उनकी जगह फखर जमान और नसीम शाह को मौका दिया जा सकता है। नामीबिया के खिलाफ होने वाला ये मैच पाकिस्तान के लिए बेहद अहम है। अगर बारिश के कारण मुकाबला रद्द हो जाता है तो एक अंक मिलने से टीम सुपर-8 में पहुंच सकती है, लेकिन अगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा तो टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा रहेगा। इसलिए यह मैच पाकिस्तान के लिए करो या मरो जैसा बन गया है।