पाकिस्तान सुपर लीग...दावे तो बड़े-बड़े पर हालत ऐसी की टूर्नामेंट में हिस्सा खिलाड़ी ही नहीं पहुंच रहे हैं। IPL की बराबरी करने का सपना देख रहे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को लगातार झटके लग रहे हैं। पाकिस्तान सुपर लीग के मैच खाली मैदानों में करवाए जाएंगे। PCB ने रविवार को एलान किया कि PSL 2026 के मैच दर्शकों के बिना करवाए जाएंगे। वहीं विदेशी खिलाड़ी IPL खेलने के लिए PSL से अपना नाम वापस ले ले रहे हैं।
IPL के साथ टक्कर लेना पड़ा भारी
इंडियन प्रीमियर लीग के शेड्यूल से टकराव और ज्यादा कमाई के चलते कई विदेशी खिलाड़ी पीएसएल से दूरी बना रहे हैं, जिससे लीग की स्थिति खराब होती जा रही है। जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजारबानी के बाद अब श्रीलंकाई ऑलराउंडर दसुन शनाका ने PSL के ऊपर IPL को तरजीह दी है। शनाका जल्द ही सैम करन के रिप्लेसमेंट के रूप में राजस्थान रॉयल्स से जुड़ने जा रहे हैं। 2025 में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का शेड्यूल बदलकर मार्च-अप्रैल कर दिया गया था, क्योंकि उस समय पाकिस्तान फरवरी में चैंपियंस ट्रॉफी की मेज़बानी कर रहा था। इसी वजह से PSL का समय सीधे तौर पर IPL से टकरा गया। इस साल भी कुछ ऐसा ही हुआ। फरवरी और मार्च में T20 वर्ल्ड कप होने के कारण PSL को आगे खिसकाना पड़ा, जिससे एक बार फिर इसका समय IPL के साथ टकराने लगा।
डायमंड कैटेगरी भी नहीं रोक पाई
PSL से IPL में जाने का पहला बड़ा मामला पिछले साल सामने आया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी कॉर्बिन बॉश को पेशावर जल्मी ने PSL 2025 के लिए डायमंड कैटेगरी में करीब 85,000 डॉलर में चुना था। लेकिन बाद में बॉश ने PSL से अपना नाम वापस ले लिया और IPL में मुंबई इंडियंस टीम के साथ जुड़ गए। उन्होंने वहां लिज़ाद विलियम्स की जगह ली, जो चोट के कारण बाहर हो गए थे। उस समय दोनों लीग का शेड्यूल एक-दूसरे से टकरा रहा था। इस मामले को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बॉश को कानूनी नोटिस भेजा और इसे अनुबंध तोड़ने का मामला बताया। बाद में बॉश ने माफी मांग ली, लेकिन उन्हें एक साल के लिए PSL से बैन कर दिया गया और जुर्माना भी लगाया गया। इसके चलते वे PSL 2026 में हिस्सा नहीं ले पाए।
लतागार छोड़ कर जा रहे हैं खिलाड़ी
IPL 2026 में भी PSL छोड़कर खिलाड़ियों के IPL में जाने के मामले सामने आ रहे हैं। पिछले साल कॉर्बिन बॉश के विवाद के बाद अब दो और खिलाड़ी PSL से हट चुके हैं। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी, जिन्हें इस्लामाबाद यूनाइटेड ने शमर जोसेफ की जगह टीम में लिया था, उन्होंने PSL से नाम वापस लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स जॉइन कर ली। इस टीम ने पहले मुस्तफ़िज़ुर रहमान को रिलीज़ कर दिया था, जिन्हें नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। वहीं, खबर है कि श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका राजस्थान रॉयल्स से जुड़ सकते हैं। वे इंग्लैंड के खिलाड़ी सैम करन की जगह लेंगे, जो चोट के कारण बाहर हो गए हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह PSL और IPL के टकराते शेड्यूल का एक और उदाहरण होगा, जिससे PSL को लगातार नुकसान हो रहा है।
और भी नाम आ सकते हैं सामने
ब्लेसिंग मुज़ारबानी और दासुन शनाका के अलावा, आने वाले समय में PSL से IPL में और खिलाड़ियों के जाने की संभावना जताई जा रही है। वेस्ट इंडीज़ के स्पिनर गुडाकेश मोती पहले ही PSL से हट चुके हैं, जहां उन्हें लाहौर कलंदर्स के लिए खेलना था। खबरें हैं कि वे लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ सकते हैं, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज़ स्पेंसर जॉनसन, जिन्हें क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने साइन किया था, उनके भी PSL छोड़ने की चर्चा है। माना जा रहा है कि वे चेन्नई सुपर किंग्स में नाथन एलिस की जगह ले सकते हैं, हालांकि इस पर भी अभी तक कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है।