IND vs PAK: मोहसिन नकवी ने पाकिस्तानी टीम को लगाई जमकर लताड़, भारत से मिली करारी हार के बाद खोया आपा!

Mohsin Naqvi: टी20 वर्ल्ड कप में भारत से 61 रन की हार के बाद पाकिस्तान टीम में हलचल बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने इस हार पर नाराजगी जताते हुए टीम को जमकर डांट लगाई है। वे कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में मैच देखने पहुंचे थे। लेकिन टीम को हारता हुआ देखकर वे स्टेडियम से बाहर चले गए

अपडेटेड Feb 16, 2026 पर 7:40 PM
Story continues below Advertisement

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप में भारत से 61 रन से मिली हार के बाद से पाकिस्तान की टीम में खलबली मची हुई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने भारत के खिलाफ हार के बाद टीम को सख्त संदेश भेजा है। नकवी ने इस हार पर नाराजगी जताते हुए जमकर डांट लगाई है। पीसीबी के चेयरमैन और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में मैच देखने पहुंचे थे। मोहसिन नकवी 12वें ओवर तक मैदान में मौजूद रहे। टारगेट का पीछा करते हुए उस समय पाकिस्तान के पांच विकेट गिर चुके थे। इसके बाद उन्हें वीवीआईपी बॉक्स से बाहर जाते और फिर अपनी कार में रवाना होते देखा गया।

पाकिस्तान टीम को दिया सख्त संदेश

PTI ने PCB के एक सूत्र के हवाले से कहा, "चेयरमैन प्रेमदासा स्टेडियम से मैच खत्म होने से पहले ही चले गए क्योंकि साफ हो गया था कि पाकिस्तान को भारत से एक और हार झेलनी पड़ेगी।" रिपोर्ट के अनुसार, मोहसिन नकवी ने एक वरिष्ठ PCB अधिकारी के जरिए टीम मैनेजर नावेद अकरम चीमा को संदेश भिजवाया, जिसमें कहा गया कि ‘अहम मुकाबलों में इस तरह का प्रदर्शन न तो समझ में आता है और न ही स्वीकार किया जा सकता है।’ इस हार पर नाराजगी जताते हुए नकवी ने टीम को जमकर डांट लगाई है।


टीम से बाहर हो सकते हैं बाबर-शाहीन

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, हेड कोच माइक हेसन ने खिलाड़ियों से साफ कहा कि, 'वे अपनी पूरी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए।' रिपोर्ट में ये भी बताया गया कि, 'नामीबिया के खिलाफ होने वाले अगले मैच से पहले बाबर आजम और शाहीन अफरीदी पर खास नजर है। ये दोनों खिलाड़ी पाकिस्तान के प्लेइंग 11 से बाहर हो सकते हैं। पाकिस्तान को अगले दौर में पहुंचने के लिए उस मुकाबले में कम से कम एक अंक हासिल करना जरूरी है, ऐसे में टीम प्रबंधन बड़े फैसले ले सकता है।'

कैसा था मुकाबला

पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन ने शानदार पारी खेलते हुए 40 गेंदों में 77 रन बनाए। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ मिलकर 87 रन की अहम साझेदारी की, जिससे भारत ने सात विकेट खोकर 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम को शुरुआत में ही झटका लगा, जब हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने उसे 13 रन पर तीन विकेट तक समेट दिया। शुरुआती दबाव से पाकिस्तान उबर नहीं सका और पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।