आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने में अब एक महीने से भी कम का समय बचा हुआ है। टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। वहीं बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा कारणों की वजह खेलने से मना कर दिया और आईसीसी को पत्र लिखकर वेन्यू को बदलने की मांग की। वहीं रिपोट्स के मुताबिक, आईसीसी ने टूर्नामेंट में शामिल होने को लेकर बांग्लादेश को 21 जनवरी तक अल्टीमेटम दे दिया है। वहीं अब इस मामले में पाकिस्तान की भी एंट्री हो गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप को लेकर अपनी तैयारियों पर फिलहाल रोक लगा दी है।
पीसीबी का ये कदम ऐसे वक्त पर सामने आया है, जब बांग्लादेश ने भारत में अपने मैच खेलने से इनकार किया है। बांग्लादेश की इस मांग के समर्थन में पाकिस्तान ने भी टूर्नामेंट से हटने की चेतावनी दी थी। इसी वजह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने फिलहाल अपनी टीम की तैयारियों पर रोक लगाने का फैसला किया है, ताकि आगे की स्थिति साफ होने के बाद ही अगला कदम उठाया जा सके।
पाकिस्तान ने रोकी तैयारियां
पीसीबी के शीर्ष सूत्रों ने टेलीकॉम एशिया से बातचीत में बताया कि, "ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले नेशनल टीम की सभी तैयारियां रोक दी गई हैं और टीम मैनेजमेंट को प्लान के बारे में बता दिया गया है।" उन्होंने आगे कहा, "मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान और बांग्लादेश की सरकारों के बीच हुई बातचीत में हिस्सा लिया और साफ कहा कि पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ खड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर बांग्लादेश की मांगें नहीं मानी जातीं, तो पाकिस्तान टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी पर दोबारा विचार कर सकता है।"
शनिवार को ढाका और इस्लामाबाद के बीच हुई बातचीत के दौरान पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के भारत न जाने के फैसले का खुलकर समर्थन किया। इन चर्चाओं में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी की अहम भूमिका रही है।
टूर्नामेंट से हटाना आरान नहीं
सूत्रों के मुताबिक, PCB ने सरकार को साफ कर दिया है कि टूर्नामेंट से बाहर होना आसान नहीं होगा। इसके लिए सरकार की सलाह और ठोस वजह बताना जरूरी है। अगर सही कारण नहीं दिए गए, तो ICC के साथ किए गए मेंबर्स पार्टिसिपेशन एग्रीमेंट के उल्लंघन पर करीब 20 लाख डॉलर तक का जुर्माना लग सकता है। ये समझौता आईसीसी के सभी सदस्य देशों पर लागू होता है, इसलिए पीसीबी हर कदम बहुत सोच-समझकर उठाना चाहता है। सूत्रों के अनुसार, अगर श्रीलंका में वेन्यू उपलब्ध नहीं हो पाते हैं, तो PCB ने बांग्लादेश के मैचों की मेजबानी करने का प्रस्ताव भी रखा है।
बांग्लादेश हटा तो ये टीम होगी शामिल
बांग्लादेश ने अपने मुकाबले श्रीलंका में कराने की मांग की है। ICC ने 21 जनवरी तक बांग्लादेश की मांग पर अंतिम फैसला ले सकती है। ये स्थिति आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच हुई बैठक के बाद बनी है। सूत्रों के मुताबिक, आईसीसी ने बांग्लादेश को ये भी साफ कहा है कि अगर वह टूर्नामेंट से हटने का फैसला करता है, तो रैंकिंग के आधार पर किसी दूसरी टीम को उसकी जगह शामिल किया जाएगा, जिसमें स्कॉटलैंड का नाम सबसे आगे माना जा रहा है।