आईसीसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान टीम को एक बार फिर निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा है। सलमान अली आगा की कप्तानी वाली टीम सुपर-8 स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी और सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही। टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद अब खिलाड़ियों पर कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम के प्रदर्शन से नाराज होकर हर खिलाड़ी पर करीब 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (5 मिलियन) का जुर्माना लगाने का फैसला किया है।
एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम के हर खिलाड़ी पर करीब 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (PKR) का जुर्माना लगाया है। बताया जा रहा है कि ये फैसला कथित तौर पर पिछले महीने भारत के खिलाफ शुरुआती दौर में मिली हार के बाद लिया गया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बोर्ड के अधिकारियों का मानना है कि जब खिलाड़ियों को अच्छे प्रदर्शन पर इनाम दिया जाता है, तो खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदारी तय करते हुए पेनल्टी भी लगनी चाहिए। पीसीबी की तरफ से आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, PCB ने खिलाड़ियों को चार कैटेगरी ए, बी, सी और डी में रखा है। इसमें ए कैटेगरी के खिलाड़ियों को सबसे ज्यादा सैलरी हर महीने 4.5 मिलियन रुपए मिलती है। इसके अलावा उन्हें आईसीसी की कमाई से भी लगभग 2.07 मिलियन रुपए शेयर मिलते हैं। इसी तरह बी कैटेगरी में शामिल खिलाड़ियों को हर महीने करीब 3 मिलियन रुपए सैलरी दी जाती है और ICC शेयर के तौर पर 1.5525 मिलियन रुपये कमाते हैं। वहीं सी कैटेगरी के खिलाड़ियों को हर महीने 1 मिलियन रुपये (PKR) और ICC शेयर के तौर पर 1.035 मिलियन रुपये मिलते हैं। वहीं डी कैटेगरी के खिलाड़ियों को हर महीने लगभग 7.5 लाख पाकिस्तानी रुपए सैलरी दी जाती है और आईसीसी शेयर के रूप में करीब 5.17 लाख रुपये अतिरिक्त मिलते हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि खिलाड़ियों की मैच फीस उनकी सैलरी से अलग होती है। साथ ही 1 जुलाई 2025 से 30 जून 2026 तक के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सीजन के लिए किसी भी खिलाड़ी को ए कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया है।
पाकिस्तान का कैसा था प्रदर्शन
सलमान अली आगा की कप्तानी में पाकिस्तान टीम का टी20 वर्ल्ड कप अभियान अच्छी शुरुआत नहीं कर सका। ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स, यूएसए को हराया, वहीं भारत के खिलाफ मुकाबले में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई और हार झेलनी पड़ी। आखिरी मैच में पाकिस्तान ने नामीबिया को हराकर सुपर-8 में जगह बनाई, लेकिन आगे का सफर आसान नहीं रहा।
सुपर-8 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान का पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। इसके बाद इंग्लैंड से हार मिलने पर सेमीफाइनल की उम्मीद कमजोर हो गई। श्रीलंका के खिलाफ मैच जीतने के बावजूद पाकिस्तान जरूरी रन रेट हासिल नहीं कर सका और टूर्नामेंट से बाहर हो गया।